Last Updated: Friday, February 22, 2013, 00:00

नई दिल्ली : आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद में एक के बाद एक हुए दो बम विस्फोटों में कम से कम 17 लोग मारे गए तथा 50 अन्य घायल हो गए। गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने आज रात बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर 12 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है।
यह पूछे जाने पर कि क्या यह आतंकवादी हमला था, शिंदे ने कहा कि अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी तथा केवल जांच से ही पता चलेगा। उन्होंने बताया कि दोनों बम दिलखुश नगर इलाके में 100 से 150 मीटर की दूरी पर लगाए गए थे। इन्हें दो साइकिलों में रखा गया था। शिंदे ने संवाददाताओं को बताया कि दिलखुश नगर में दो विस्फोट हुए। मैंने मुख्यमंत्री (किरण कुमार रेड्डी) से बात की है और उन्होंने मुझे बताया कि बम दो साइकिलों में लगाकर रखे गए थे। एक जगह पर विस्फोट में आठ लोग मारे गए तथा दूसरी जगह पर चार लोगों की जान गई। 50 लोग घायल भी हुए हैं।
मृतकों की संख्या बढ़ने के संबंध में किए गए सवाल पर गृह मंत्री ने कहा कि आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे पास गत दो दिनों से गुप्तचर सूचना थी जिसे सभी राज्यों के साथ साझा किया गया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, February 22, 2013, 00:00