भाकपा ने असीम की गिरफ्तारी की आलोचना की

भाकपा ने असीम की गिरफ्तारी की आलोचना की

नई दिल्ली: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने मुंबई में कार्टूनिस्ट असीम त्रिवेदी को गिरफ्तार किए जाने की आज आलोचना की और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्टून बनाए जाने पर उनके खिलाफ राजद्रोह के आरोप लगाने को ‘अपमानजनक’ करार दिया।

पार्टी ने उन्हें तुरंत रिहा करने और उनके खिलाफ लगे आरोपों को हटाने की मांग की। पार्टी ने कहा, ‘भारतीय दंड संहिता में मौजूद राजद्रोह से संबंधित धारा की तत्काल समीक्षा की जरूरत है, क्योंकि अब इसका बार-बार दुरुपयोग किया जा रहा है।’

भाकपा पोलित ब्यूरो ने एक बयान जारी कर कहा, ‘त्रिवेदी को एक भ्रष्टाचार विरोधी अभियान के लिए कार्टून बना कर प्रकाशित करने के लिए गिरफ्तार किया गया। यह अपमानजनक है कि उनके खिलाफ राजद्रोह के आरोप लगाए गए हैं।’ गौरतलब है कि त्रिवेदी को अपनी वेबसाइट पर ऐसी सामग्री डालने के लिए गिरफ्तार किया गया जो कथित तौर पर राजद्रोह से संबंधित है। मुंबई की एक अदालत ने कल उन्हें 16 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। (एजेंसी)

First Published: Monday, September 10, 2012, 16:49

comments powered by Disqus