Last Updated: Sunday, August 25, 2013, 19:22

लखनऊ : विश्व हिन्दू परिषद की 84 कोसी परिक्रमा को भाजपा और सपा का नाटक बताते हुए केन्द्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने रविवार को कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पडने वाला है क्योंकि हिन्दू और मुसलमान सपा और भाजपा की नूराकुश्ती और साजिशों से भलीभांति वाकिफ हैं।
बेनी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘बाबरी मस्जिद के साथ ही प्रस्तावित परिक्रमा भी भाजपा और सपा का नाटक है। लेकिन इससे कोई अन्तर नहीं पडने वाला है क्योंकि दोनों समुदाय अब इनकी चालों को भलीभाति समझ चुका है।’
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और विहिप के नेताओं में मिली भगत थी वरना भारी बंदोबस्त के बावजूद प्रवीण तोगडिया कैसे अयोध्या पहुंचे और अशोक सिंघल को लखनऊ पहुंचने दिया गया जबकि उन्हें दिल्ली में रोका जा सकता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में गिरायी गयी बाबरी ढांचे के षड्यंत्र में भाजपा और सपा दोनों शामिल थे और अब शुरू की गयी परिक्रमा यात्रा भी इन्हीं दोनों दलों की साजिश का हिस्सा है।
वर्मा ने कहा कि उनकी समझ में नहीं आता कि भाजपा और सपा मिलकर उत्तर प्रदेश में ही मंदिर निर्माण के मुद्दे को लेकर चुनाव के ईद-गिर्द ऐसे कार्यक्रम क्यों आयोजित करती रहती हैं, जबकि बंगाल, केरल और कश्मीर में तो मुसलमानों की संख्या कम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सच यह है कि उत्तर प्रदेश का माहौल सपा और भाजपा के कारण ही तनावग्रस्त और सद्भाव बिगाड़ने वाला बनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि बाबरी ढांचे पर फावड़ा चलाने वाले भाजपा नेता साक्षी महाराज को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने राज्य सभा का सदस्य बनाया और मंदिर की अलख जगाने वाले कल्याण सिंह को भी सपा मुखिया ने अपनी पार्टी में न केवल शामिल किया बल्कि उनके बेटे को मंत्रिमंडल में भी शामिल कर लिया था।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और सपा की मिली भगत उजागर हो चुकी है। भाजपा को न तो मंदिर न ही हिन्दुओं से लेना देना और सपा को मुसलमानों की कोई फ्रिक नहीं यह दोनों दल सिर्फ वोट के सहारे सत्ता की राजनीति करते आये है।
इस्पात मंत्री ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 80 में से 50 सीटों पर जीत हासिल करेगी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, August 25, 2013, 19:22