भाजपा नहीं कांग्रेस का विकल्प: माकपा - Zee News हिंदी

भाजपा नहीं कांग्रेस का विकल्प: माकपा

नई दिल्ली : माकपा ने आज कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को झटका लगा है तथा भाजपा को इस पार्टी के विश्वसनीय विकल्प के रूप में नहीं देखा जा सकता। पार्टी पोलित ब्यूरो ने एक बयान में कहा कि माकपा ने उत्तर प्रदेश और पंजाब में खराब प्रदर्शन किया है। इससे यह बात रेखांकित होती है कि इन राज्यों में जन गतिविधियों और संगठनों को मजबूत करने की जरूरत है।

 

उत्तर प्रदेश में सपा की जीत को ‘उत्कृष्ट’ करार देते हुए माकपा ने कहा कि यह जनादेश केवल मायावती सरकार के खिलाफ ही नहीं था बल्कि लोगों ने भाजपा एवं कांग्रेस को भी नकार दिया। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस की विफलता का एक कारण मूल्यवृद्धि और भ्रष्टाचार के प्रति लोगों का असंतोष है जिसमें लिए वे केन्द्र की कांग्रेस नीत संप्रग सरकार को जिम्मेदार मानते हैं।

 

माकपा ने कहा, ‘विशेषतौर पर भाजपा कोई सफलता पाने में विफल रही। नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा को कांग्रेस के विश्वसनीय विकल्प के रूप में नहीं देखा जा रहा है।’ उसने कहा कि भाजपा की पंजाब में सीटें घट गई, उत्तरखंड में वह हार गई और उत्तर प्रदेश में उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। माकपा ने कहा कि पांच राज्यों के संपूर्ण नतीजों से कांग्रेस को झटका लगा है। जहां पंजाब और गोवा में उसकी हार हुई, उत्तर प्रदेश में उसका प्रदर्शन काफी खराब रहा तथा उत्तराखंड में वह महज एक सीट से आगे रही।

 

पार्टी ने कहा कि कांग्रेस के लिए एकमात्र सांत्वना मणिपुर की जीत रही। वहां की असाधारण और विशिष्ट स्थिति को देखते हुए इस जीत का कोई व्यापक महत्व नहीं है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, March 7, 2012, 16:37

comments powered by Disqus