भाजपा रच रही है साजिश, कर रही है लोगों को गुमराह : सोनिया

भाजपा रच रही है साजिश, कर रही है लोगों को गुमराह : सोनिया

भाजपा रच रही है साजिश, कर रही है लोगों को गुमराह : सोनियारूपाहेली/पचपदरा (राजस्थान) : नरेन्द्र मोदी के संप्रग सरकार पर ‘कुशासन’ को लेकर किये गये प्रहार पर पलटवार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को भाजपा पर चुनाव से पहले साजिश रचने और सत्ता की भूख में लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये अमेरिका में लोगों को संबोधित करते हुए दावा किया कि संप्रग सरकार अपनी नौ साल का प्रदर्शन रिपोर्ट पेश करने से भाग रही है। इसके विपरीत सोनिया ने कहा कि उनकी सरकार ने आरटीआई, खाद्य सुरक्षा एवं भूमि अधिग्रहण जैसे विभिन्न उपायों के जरिये लोगों को अधिकार संपन्न बनाया है जबकि भाजपा के पास दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है।

सोनिया ने कहा, ‘संप्रग सरकार ने सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, मनरेगा एवं हाल में दिये गये खाद्य सुरक्षा का अधिकार देकर लोगों को अधिकार संपन्न बनाया है तथा किसानों के हित में नया किसान अधिग्रहण कानून लागू किया है।’ उन्होंने कहा, ‘दूसरी तरफ भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है तथा कांग्रेस सरकार के कामों पर अंगुली उठा रही है। वे ऐसा काम क्यों नहीं करते। उन्हें इस प्रकार का निर्णय करने और लोगों को अधिकार संपन्न बनाने से किसने रोका है।’

कांग्रेस प्रमुख ने भीलवाड़ा जिले के दूरदराज के इलाके रूपाहेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘वे केवल सत्ता को लेकर चिंतित हैं और चुनाव से पहले साजिश रच रहे हैं। आप सभी को उनसे सतर्क रहने की जरूरत है क्योंकि वे लोगों को गुमराह करते हैं।’ सोनिया ने मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीप्ल यूनिट (एमईएमयू) कोच फैक्टरी और पेयजल परियोजना की आधारशिला पट्टिका का अनावरण करने के बाद मनमोहन सिंह सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने लोगों को अधिकार संपन्न बनाने का नया दौर शुरू किया है।

इससे पहले पचपदरा में सोनिया ने 37,230 करोड़ रूपए की रिफाइनरी और पेट्रो केमिकल्स परिसर के शिलान्यास कार्यक्रम में कहा, ‘समाज के हर तबके को आगे बढ़ना चाहिए कंधे से कंधे मिलाकर। यह भारत की धर्मनिरपेक्ष संस्कृति है और शासन का आधार है।’ सोनिया की टिप्पणी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में हाल ही में हुई सांप्रदायिक हिंसा की पृष्ठभूमि में थी जिसमें 48 लोगों की मौत हो गई और हजारों लोग विस्थापित हुए।

विपक्षी भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस पर निशाना बनाते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस विकास के असली मुद्दे से बचने के लिए धर्मनिरेक्षता का ‘बुर्का’ ओढ़ रही है। संप्रग अध्यक्ष ने कहा कि मनमोहन सिंह नीत केंद्र सरकार चतुर्दिक विकास, समावेशी वृद्धि और गरीबों, महिलाओं एवं आदिवासियों को अधिकारसंपन्न बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवायें और डायग्नोस्टिक सुविधाएं शुरू करने सहित अशोक गहलोत सरकार की अन्य प्रमुख योजनाओं की सराहना करते हुए सोनिया ने कहा कि इस रिफायनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर से राजस्थान के राजस्व में भारी वृद्धि होगी।

सोनिया ने कहा, ‘मिलने वाले राजस्व का इस्तेमाल सार्वजनिक कार्यों और गरीबों के उत्थान के लिए किया जाएगा। मैं आश्वस्त हूं कि आने वाले दिनों और सालों में बाड़मेर विकास और खुशहाली के रास्ते पर आगे बढ़ेगा तथा व्यापक बदलाव होगा जिसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं।’ उन्होंने कहा कि राजस्थान देश का पहला राज्य होगा जो बाड़मेर से निकाले जा रहे अपने कच्चे तेल का अपनी रिफायनरी में इस्तेमाल करेगा और इससे 25,000 नौकरियां मिलेंगी।’’ उन्होंने कहा कि राज्य में नए उद्येगों के लिए यह अहम कदम होगा।

संप्रग के प्रदर्शन पर सोनिया ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब और पिछड़ों सहित हर तबके के लिए एक ‘क्रांति की है। मनरेगा के तहत संप्रग सरकार ने गांवों में हर व्यक्ति के लिए 100 दिन का रोजगार सुनिश्चित किया है। इसके अलावा बच्चों के लिए शिक्षा का अधिकार और भ्रष्टाचार पर काबू पाने के लिए आरटीआई सहित कई नए कानून लागू किए हैं। सोनिया ने कहा कि महिलाओं को अधिकारसंपन्न बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह हैं और भूख से निपटने के लिए सरकार खाद्य सुरक्षा कानून लायी है जिसके तहत 80 करोड़ लोगों को रियायती दरों पर खाद्यान्न मिलेगा।

अपने 10 मिनट के संबोधन में सोनिया ने कहा कि खाद्य सुरक्षा कानून के जरिए जन वितरण प्रणाली में भ्रष्टाचार पर काबू पाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इसे आधार कार्ड से भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण कानून पारित किया गया ताकि कोई भी किसानों की जमीन नहीं हड़प सके और किसानों को उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा, ‘मैंने संसद में कहा कि सरकार किसानों के लिए संसाधन जुटाएगी क्योंकि हम हमेशा उनके हितों का ख्याल रखते हैं और हम उन्हें नजरअंदाज नहीं करते।’ सोनिया ने कहा कि यह हमारा प्रयास रहा है कि गरीब, अदिवासी, किसान, महिलायें और अन्य संवेदनशील तबके अधिकारसंपन्न हों। (एजेंसी)

First Published: Sunday, September 22, 2013, 20:42

comments powered by Disqus