भारत और चीन करेंगे सैन्य युद्धाभ्यास, सुधारेंगे रिश्ते

भारत और चीन करेंगे सैन्य युद्धाभ्यास, सुधारेंगे रिश्ते

भारत और चीन करेंगे सैन्य युद्धाभ्यास, सुधारेंगे रिश्ते ज़ी मीडिया ब्यूरो/एजेंसी
नई दिल्ली : भारतीय भूभाग में चीनी सेना की घुसपैठ की कई घटनाओं के बावजूद दोनों देश तकरीबन पांच साल के अंतराल के बाद चेंगदू क्षेत्र में आगामी चार नवंबर से युद्धाभ्यास करेंगे। भारतीय और चीनी सैन्य अधिकारियों के बीच बैठक में 4 से 14 नवंबर तक युद्धाभ्यास करने का फैसला किया गया। उन्होंने बताया कि युद्धाभ्यास के दौरान दोनों पक्ष संयुक्त राष्ट्र के आदेश के तहत उग्रवाद निरोधी और आतंकवाद निरोधी कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

सेना मुख्यालय सूत्रों के अनुसार, हैंड-इन-हैंड नामक अभ्यास में दोनों देशों के सैन्य दस्ते उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र मिशन चार्टर के तहत अभ्यास करेंगे। दोनों मुल्कों के बीच यह तीसरा सैन्य अभ्यास है। इसका पहला संस्करण चीन के कुनमिंग और दूसरा अभ्यास 2008 में बेलगाम में हुआ था।

उल्लेखनीय है कि 2010 में भारतीय सेना की उत्तरी कमान के तत्कालीन प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बीएस जसवाल को चीन की ओर से वीजा न दिए जाने के कारण भारत ने अपने रक्षा संबंधों पर विराम लगा दिया था। साथ ही प्रस्तावित सैन्य अभ्यास को भी टाल दिया था। इसके बाद चीन की ओर से जम्मू-कश्मीर के नागरिकों को नत्थी वीजा और सीमा पर घुसपैठ की घटनाओं के मद्देनजर सैन्य अभ्यास टलता रहा।

First Published: Saturday, August 24, 2013, 10:19

comments powered by Disqus