`भारत के दुश्मनों को हथियार नहीं देगा रूस`| Dmitry rogozin

`भारत के दुश्मनों को हथियार नहीं देगा रूस`

`भारत के दुश्मनों को हथियार नहीं देगा रूस`नई दिल्ली : रूस ने आज जोर देते हुए भारत को इस बात का भरोसा दिलाया कि वह उसके दुश्मनों को हथियार नहीं देगा। इसके अलावा भारत आए रूस के उप प्रधानमंत्री दमित्री रोगोजिन ने नए मालवाहक विमान और टैंकों के निर्माण के साथ रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के मास्को की इच्छाओं का भी संकेत दिया।

यह पूछने पर कि क्या रूस पाकिस्तान को भी हथियार बेचेगा, रोगोजिन ने कहा, ‘आपको यह अवश्य समझना चाहिए कि हम आपके दुश्मनों के साथ सौदा नहीं करते। अगर आप इससे अलग कुछ देखते हैं तो मेरे चेहरे पर थूक सकते हैं।’ उन्होंने कहा कि रूस को भारत को हथियार देने में कोई प्रतिबंध नहीं है क्योंकि हमारे संबंधों में कोई विवाद या विरोधाभास नहीं है। उन्होंने कहा, ‘दूसरे देशों से इतर हमने भारत की सीमाओं पर कभी समस्याएं पैदा नहीं की हैं। यह भारत का मित्र होने का रूस को राजनीतिक लाभ है।’

रोगोजिन सोमवार को विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा के साथ व्यापार, अर्थव्यवस्था, विज्ञान, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक सहयोग पर अंतर-सरकारी आयोग (आईआरआईजीसी-टीईसी) की बैठक को संबोधित करेंगे। रूसी नेता ने कहा कि रूस छह टन वजन उठाने वाले मालवाहक विमान और युद्धक टैंकों के निर्माण के क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग के लिए तैयार है। संयुक्त रूप से ब्रह्मोष सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के सफल निर्माण को रेखंकित करते हुए उन्होंने कहा कि रूस इस क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग करने के लिए तैयार है और उसे शीर्ष रक्षा उत्पादक बनाना चाहता है।

रोगोजिन विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा के साथ व्यापार, आर्थिक, वैज्ञानिक, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक सहयोग संबंधी अंतर.सरकारी आयोग की सह अध्यक्षता करेंगे। उन्होंने कहा कि चेर्नोबिल हादसे झेलकर हम खतरों से वाकिफ हैं। उसके बाद हमने अत्याधुनिक और उन्नत प्रौद्योगिकी विकसित की जिसकी तुलना दुनिया में उपलब्ध तकनीकों से की जा सकती है। भारत में निर्माणाधीन परमाणु संयंत्र की तकनीक काफी भरोसेमंद है।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की यात्रा के पहले दोनों मंत्री प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पुतिन के बीच एक नवंबर को होने वाली सालाना शिखर वार्ता के लिए एजेंडा तय करेंगे। कुडनकुलम संयंत्र के खिलाफ स्थानीय लोगों के विरोध के बारे में पूछे जाने पर रोगोजिन ने कहा कि विदेशी कारकों के मुद्दे को हटाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि हम ऐसा संयंत्र तैयार कर रहे हैं जिसमें सुरक्षा का खास ख्याल रखा गया है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, October 14, 2012, 23:48

comments powered by Disqus