Last Updated: Thursday, February 21, 2013, 23:09
नई दिल्ली : राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने गुरुवार को कहा कि सरकार के प्रयासों के कारण भारत के स्वास्थ्य अवसंरचना में सुधार हुआ है। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया किया कि पिछले दो सालों के दौरान देश में पोलियो का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।
संसद के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि जनवरी 2013 में खतरनाक पोलियो वायरस रहित दो वर्ष पूरे किए। उन्मूलन अभियान छेड़े जाने के बाद यह देश में सबसे लंबी पोलियो मुक्त अवधि है।
राष्ट्रपति मुखर्जी ने कहा कि 2005-06 से 2012-13 के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन और नव निर्माण के 43500 कार्य किए गए और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में करीब 70000 अतिरिक्त शैया बढ़ाई गई। उन्होंने कहा कि इसी अवधि में करीब 1.45 लाख स्वास्थ्यकर्मी विभिन्न राज्यों में राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत जोड़े गए।
जननी सुरक्षा योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मुफ्त चिकित्सा सुविधा दिए जाने का लाभ 1.1 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिला। उन्होंने कहा कि सरकार ने 18 साल से कम उम्र के बच्चों में 30 विभिन्न बीमारियों, विकारों और अक्षमताओं एवं असमर्थताओं की जांच के लिए राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम की शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय पहल से देश भर के 27 करोड़ बच्चे लाभान्वित होंगे। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 21, 2013, 23:09