भारत को तत्काल यूरेनियम नहीं देगा ऑस्ट्रेलिया

भारत को तत्काल यूरेनियम नहीं देगा ऑस्ट्रेलिया

भारत को तत्काल यूरेनियम नहीं देगा ऑस्ट्रेलियानई दिल्ली : ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड ने स्पष्ट किया है कि भारत को यूरेनियम की बिक्री तत्काल शुरू नहीं होगी। यह जानकारी यहां मीडिया रिपोर्टों में आई है। गिलार्ड इस समय भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। समाचार पत्र `सिडनी मार्निग हेराल्ड` ने नई दिल्ली से खबर दी है कि गिलार्ड ने ऐसी किसी सम्भावना को खारिज कर दिया है कि भारत को यूरेनियम की बिक्री तत्काल शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा है कि एक सुरक्षा समझौते तक पहुंचने में एक-दो वर्ष लग सकते हैं। गिलार्ड सुरक्षा समझौते पर बातचीत शुरू करने का रास्ता साफ करने के लिए इस समय नई दिल्ली में हैं।

उन्होंने कहा है कि यूरेनियम का शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए उपयोग सुनिश्चित कराने के लिए बातचीत कैसे शुरू की जाए, इसके बारे में आस्ट्रेलिया को जानकारी है। परमाणु वार्ता शुरू होने से असैन्य परमाणु समझौते का रास्ता साफ हो जाएगा, और द्विपक्षीय सम्बंधों को गति देने के रास्ते में पड़ा अंतिम रोड़ा भी हट जाएगा। गिलार्ड ने कहा है कि भारतीय विद्यार्थियों का कल्याण सुनिश्चित कराने के लिए कदम उठाए गए हैं और भारत को यूरेनियम निर्यात पर से प्रतिबंध हटा लिया गया है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, October 16, 2012, 12:27

comments powered by Disqus