Last Updated: Friday, January 11, 2013, 15:08
जम्मू : पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से बार बार युद्धविराम का उल्लंघन करने के कारण भारत-पाक सीमा पर तनाव बरकरार है और सेना पूरी तरह चौकस है। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान के साथ लगती सीमा रेखा पर तनाव है, लेकिन स्थिति नियंत्रण (जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर) में है। पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा कल फिर से युद्धविराम का उल्लंघन करने और सीमा पार व्यापार के लिए दरवाजे बंद करने के कारण तनाव और बढ़ गया।
अधिकारी ने कहा कि सेना सीमा पर पूरी सतर्कता बरत रही है और वह चौबीसों घंटे चौकस है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल आरके पाल्टा ने कहा कि भारत-पाक सीमा पर आज सुबह युद्धविराम का कोई उल्लंघन नहीं हुआ। प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिकों ने कल शाम पांच बजे से रात साढ़े नौ बजे तक युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ जिले के कृष्णाघाटी सेक्टर में भारतीय चौकियों पर मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की। उन्होंने कहा कि देश की सीमा की सुरक्षा कर रहे भारतीय जवानों ने भी जवाबी गोलाबारी की। भारतीय पक्ष से कोई हताहत नहीं हुआ।
पाकिस्तानी सैनिकों ने भारत की नौ चौकियों- चतरी, अटमा, हेलमेट, प्रकाश, क्षतियाल, खेरा-1, खेरा-2, रोशनी और गुनहिल पर गोलीबारी की। भारत की सीमा में घुसपैठ करके दो भारतीय जवानों की निर्मम हत्या करने के बाद से पाकिस्तानी सैनिक पुंछ में तीन बार युद्ध विराम का उल्लंघन कर चुके हैं। घटना की पृष्ठभूमि में सेना और बीएसएफ ने जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान से लगी भारतीय सीमा की सुरक्षा की समीक्षा की। राजौरी स्थित 25 इंफैंट्री डिविजन मुख्यालय में 16 कॉर्प्स कमांडर ले. जनरल डी एस हुड्डा की अगुवाई में उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई।
जनरल हुड्डा ने सीमाई इलाकों का दौरा किया और वहां तैनात कमांडरों से मुलाकात की जिन्होंने भारत पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा स्थिति के बारे में उन्हें जानकारी दी।
उप जीओसी, 25 इंफैंट्री डिविजन, ब्रिगेडियर जे के तिवारी ने कहा कि सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई है और निगरानी बड़ा दी गई है। ब्रिगेडियर तिवारी ने कहा कि सीमा पर हम चुनौतीपूर्ण स्थिति का सामना कर रहे हैं- इलाका दुर्गम है और हम हमेशा सतर्क और चौकस हैं। (एजेंसी)
First Published: Friday, January 11, 2013, 15:08