Last Updated: Friday, July 27, 2012, 22:55
मुंबई : लश्कर-ए-तोएबा के सदस्य और मुंबई आतंकी हमलों में शामिल सईद अंसारी उर्फ अबु जुंदाल ने खुलासा किया है और इस आतंकवादी संगठन ने भारत में कम से कम 10 और ऐसे हमले की योजना बनायी थी और उसने इसमें शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी।
पुलिस के अनुसार जुंदाल ने स्वीकार किया कि वह आतंकवादी संगठन का सक्रिय सदस्य था। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज कहा कि हमारा मानना है कि वह लश्कर के लिए काम करने वाला था और उसने मुंबई आतंकी हमले में सक्रिय भूमिका निभाई। लेकिन उसने आतंकवादी संगठन का सदस्य होने की बात स्वीकार की है जो हमारे लिए महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।
अधिकारी ने कहा कि 31 वर्षीय संदिग्ध आतंकवादी ने दावा किया कि लश्कर ने भारत में अगले कुछ साल के दौरान कम से कम 10 आतंकी हमले की योजना बनायी थी। उन्होंने कहा कि जुंदाल ने दावा किया कि वह इन सभी हमलों में शामिल होना चाहता था। हालांकि उसे लक्ष्यों के बारे में जानकारी नहीं थी। पुलिस के अनुसार लश्कर के एक कार्यकर्ता के साथ साथ जंदल की पहली भेंट 2005 में औरंगाबाद में तवा होटल में हुई थी। इसके बाद उसने 2006 के औरंगाबाद हथियार मामले में भाग लिया था।
जुंदाल को मुंबई आतंकी हमले के सिलसिले में 21 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद उसे दिल्ली से यहां लाया गया। यहां उसे एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया गया। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 27, 2012, 22:55