भारत में मनाई जानेवाली `राखी` सबसे अलग

भारत में मनाई जानेवाली `राखी` सबसे अलग

भारत में मनाई जानेवाली `राखी` सबसे अलग नई दिल्ली: परंपराओं के देश भारत में भाई बहन के प्यार का प्रतीक पर्व रक्षाबंधन सदियों से मनाया जाता रहा है। दुनिया के कुछ और देशों में भी एक दिन भाई बहनों के प्यार के लिए समर्पित होता है लेकिन वहां राखी उस तरह नहीं मनाई जाती जिस तरह भारत में मनाई जाती है।

दुनिया भर में भारत की पहचान एक ऐसे देश के रूप में है जहां रिश्तों को बहुत महत्व दिया जाता है और रिश्तों के आधार पर देश में त्यौहारों का मनाया जाना इस बात का प्रमाण भी है।

उन्होंने कहा कि तीज पर माताएं बच्चों के कल्याण की कामना करती हैं तो छठ पर्व पूरे परिवार की खुशहाली और समृद्धि की आकांक्षा के साथ मनाया जाता है। करवा चौथ पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए पूजा करती हैं। फिर भाई बहन का रिश्ता भला बिना पर्व के कैसे हो सकता है।

सावन माह की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला यह पर्व बिल्कुल अनोखा है। बहन अपने भाई के माथे पर तिलक लगा कर उसकी लंबी उम्र की कामना करती है और उसकी कलाई में रक्षा सूत्र बांधती है। भाई इस रक्षा सूत्र के एवज में उसकी रक्षा का वचन देता है। दुनिया के और भी देशों में एक दिन भाई बहनों के लिए होता है लेकिन राखी तो भारत में ही मनाई जाती है।

भारत के अलग अलग हिस्सों में सावन माह की पूर्णिमा अलग अलग नामों से जानी जाती है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में इसे कजरी पूर्णिमा कहा जाता है तो गुजरात में इसका नाम पवित्रोपना है। उत्तराखंड में इसे जन्योपुन्यु तथा महाराष्ट्र और गोवा में नाराली पूर्णिमा कहा जाता है।

रक्षाबंधन भाई बहनों का पर्व होता है। जिस भाई की कोई बहन नहीं है या जिस बहन का कोई भाई नहीं है, उसे इस कमी का अहसास रक्षाबंधन के दिन जरूर होता है। यह पर्व हमेशा बचपन की याद दिला जाता है। ससुराल में बैठी बहन की आंखें इस दिन मायके की और भाई की याद कर नम हो जाती हैं। यह भावनात्मक जुड़ाव केवल भारत में ही देखने को मिलता है।

नेपाल में भी रक्षाबंधन मनाया जाता है। यह पूर्णिमा जननी पूर्णिमा कहलाती है। इस दिन वहां परिवार के बुजुर्ग सदस्यों से पवित्र धागा कलाई पर बंधवाया जाता है। इस मौके पर सात अलग अलग अनाजों का एक विशेष सूप बनाया जाता है जिसे क्वाति कहा जाता है।

दूसरे देशों में रक्षा बंधन पर्व तो नहीं मनाया जाता लेकिन हां, एक दिन भाई बहन के लिए जरूर होता है। अमेरिका में दो मई को ‘नेशनल ब्रदर्स एंड सिस्टर्स डे’ मनाया जाता है। इस दिन भाई बहन एक दूसरे को ग्रीटिंग कार्ड और तरह तरह के उपहार देते हैं और घरों में खास तौर पर ‘कप केक’ तैयार किया जाता है। दक्षिण अफ्रीकी देश टोंगा में 11 दिसंबर को ‘सिबलिंग डे’ मनाया जाता है।

ब्रिटेन में 10 अप्रैल को ‘सिबलिंग डे’ मनाया जाता है। वहां इस दिन उपहारों के लेनदेन के साथ साथ पुरानी यादें भी ताजा की जाती हैं। दक्षिण एशिया के कुछ देशों में भी एक दिन भाई बहनों को समर्पित होता है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, August 1, 2012, 16:27

comments powered by Disqus