भारत में युद्ध अभ्यास में भाग लेंगे यूएस टैंक - Zee News हिंदी

भारत में युद्ध अभ्यास में भाग लेंगे यूएस टैंक


नई दिल्ली : भारतीय जमीन पर पहली बार अमेरिका का टैंक दस्ता युद्ध अभ्यास में हिस्सा लेगा जिसका कूट नाम ‘एक्सरसाइज युद्ध अभ्यास’ रखा गया है। इसके साथ ही दोनों देशों के बीच इस वर्ष सैन्य सहयोग कार्यक्रम की शुरूआत होगी।

 

सेना के सूत्रों ने कहा कि पहली बार भारत और अमेरिका के बीच कंपनी स्तर के युद्ध अभ्यास में अमेरिका की ओर से टैंक उतारा जाएगा। यह युद्ध अभ्यास मार्च में राजस्थान के रेगिस्तान में महाजन फील्ड रेंज में होगा।
उन्होंने कहा कि तीन टैंक उतारने के साथ अमेरिका के करीब 200 जवान और बख्तरबंद वाहन इस युद्ध अभ्यास में हिस्सा लेंगे। पिछले युद्ध अभ्यास में अमेरिका ने स्ट्राइकर इंफैंट्री वाहन को उतारा था जिसे बाद में अफगानिस्तान में अभियान में लगाया गया।

 

बहरहाल, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि अमेरिका की ओर से किस टैंक को युद्ध अभ्यास में उतारा जाएगा। भारत की ओर से रूस निर्मित बीएमपी के साथ टैंकों को युद्ध अभ्यास में उतारा जाएगा। सूत्रों ने कहा कि मार्च में इस युद्ध अभ्यास के बाद जम्मू कश्मीर राइफल्य रेजिमेंट के जवान अप्रैल में कैलिफोर्निया जायेंगे और वहां अमेरिका के साथ ‘शत्रुजीत’ युद्ध अभ्यास में हिस्सा लेंगे।

 

दोनों देशों के सैन्यकर्मी पहाड़ी क्षेत्र में युद्ध कौशल एवं क्षमता की परख के लिए ‘बज्र प्रहार’ युद्ध अभ्यास में भी हिस्सा लेंगे। भारत और अमेरिकी नौसेना के भी एक दूसरे के साथ युद्ध अभ्यास में हिस्सा लेने का कार्यक्रम है।  (एजेंसी)

First Published: Monday, January 23, 2012, 12:02

comments powered by Disqus