भारतीय जवान के साथ बर्बरता, सिर काट साथ ले गए पाक सैनिक

भारतीय जवान के साथ बर्बरता, सिर काट साथ ले गए पाक सैनिक

भारतीय जवान के साथ बर्बरता, सिर काट साथ ले गए पाक सैनिकज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी

नई दिल्‍ली/जम्‍मू : युद्धविराम का उल्लंघन कर पाकिस्तानी सैनिक मंगलवार को भारत की सीमा में घुस आए और जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट एक चौकी पर तैनात दो भारतीय जवानों की गला रेतकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, इस जघन्‍य कारनामे के बाद एक जवान का सिर साथ पाकिस्‍तानी सैनिक अपने साथ ले गए।

वहीं, सेना ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्‍तान को सख्‍त चेतावनी दी है। सेना ने यह भी कहा कि बीते कुछ समय में सीजफायर उल्‍लंघन की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। इस घटना के बाद भारत-पाक सीमा पर बीएसएफ को अलर्ट कर दिया गया है। वहीं, जनरल बिक्रम सिंह ने नार्दर्न कमांड से रिपोर्ट ली है।

जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सैनिक मंगलवार को भारत की सीमा में घुस आए और जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट एक चौकी पर तैनात दो भारतीय जवानों की गला रेतकर हत्या कर दी। इस अप्रत्यशित घटना ने एक बार फिर दोनों देशों के बीच तनाव पैदा कर दिया है। बताया गया है कि इस हमले में 29 बलूच रेजीमेंट के शामिल होने का अंदेशा है। पाकिस्तानी सैनिक घने कोहरे का फायदा उठाते हुए सीमा पर लगे कंटीले तारों को काटकर सीमावर्ती पुंछ जिले के सोना गली इलाके में बनी भारतीय चौकी पर पहुंच गए।

पुंछ के उपायुक्त ए.के. साहू ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने चौकी पर तैनात दो जवानों की गला रेतकर हत्या कर दी तथा तीसरे को घायल कर दिया। सेना के सूत्रों ने आईएएनएस से कहा कि छापेमारी करने आए पाकिस्तानी सैनिक शहीद हुए भारतीय जवानों के हथियार भी उठा ले गए। शहीद हुए सुधाकर सिंह और हेमराज 13वीं राजपुताना राइफल्स से संबद्ध थे। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानियों को जब भारतीय चौकी कंटीले घेरे के बिल्कुल करीब दिखी तो वे वहां पहुंच गए।

सेना ने घुसपैठ रोकने के लिए नियंत्रण रेखा से लगते भारतीय क्षेत्र में त्रिस्तरीय बाड़बंदी कराई है। भारतीय क्षेत्र में दो किलोमीटर तक लगभग 500 मीटर चौड़ी बाड़बंदी कराई गई है। सेना के एक प्रवक्ता ने बताया कि घुसपैठियों ने घने कोहरे का फायदा उठाया। वे जंगली इलाके में लगे कंटीले बाड़ को काटकर भारत की सीमा में घुस आए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानियों के इस हमले को लेकर आधिकारिक स्तर पर कड़ा रुख अपनाया जा रहा है।

पाकिस्तानी सैनिकों के हमले की यह घटना भारत की इस अपील के तुरंत बाद सामने आई है कि पाकिस्तान यह सुनिश्चित करे कि नियंत्रण रेखा की पवित्रता हमेशा बनी रहेगी। इस घटना के बाद भारत-पकिस्तान के बीच रिश्ते के एक बार फिर पटरी से उतरने की आशंका है। गौरतलब है कि मंगलवार को पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कयानी ने सियालकोट का दौरा किया था और सेना को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष, गुप्त या प्रकट रूप से आने वाली रह चुनौती का डटकर मुकाबला करने के लिए तैयार रहने को कहा है।

उधर, भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान के इस आरोप का खंडन किया कि भारतीय सैनिकों ने रामपुर क्षेत्र में नियंत्रण रेखा का अतिक्रमण या 2003 से लागू युद्धविराम का उल्लंघन किया। जियो न्यूज के मुताबिक, भारत के उप उच्चायुक्त गोपाल बागले को विदेश मंत्रालय बुलाकर विरोध पत्र थमाया गया था और कहा गया था कि भारतीय सैनिकों की गोलीबारी में उसका एक जवान मारा गया।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने पाकिस्तानी सैनिकों ने अकारण गोलीबारी कर भारत के सीमावर्ती चुरुं डा गांव में एक घर की छत को ध्वस्त कर दिया था। जवाब में भारतीय सैनिकों ने भी गोलीबारी की थी।

उधर, जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तान की ओर से की गई कार्रवाई को भड़काने वाला करार देते हुए केंद्र सरकार ने इसकी निंदा की है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सीतांशु कर की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि दोनों देश के सैन्य अभियान के महानिदेशक (डीजीएमओ) इसे लेकर बातचीत कर रहे हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकार इस मुद्दे को पाकिस्तान सरकार के समक्ष रखेगी। सरकार ने उम्मीद जताई है कि इस्लामाबाद संघर्षविराम समझौतों का सम्मान करेगा। ज्ञात हो कि युद्धविराम का उल्लंघन कर पाकिस्तानी सैनिक मंगलवार को भारत की सीमा में घुस आए और पुंछ जिले स्थित नियंत्रण रेखा (एलओसी) के निकट एक चौकी पर तैनात दो भारतीय जवानों की गला रेतकर हत्या कर दी।

First Published: Wednesday, January 9, 2013, 10:02

comments powered by Disqus