'भारतीय सीमा को तालिबान से खतरा' - Zee News हिंदी

'भारतीय सीमा को तालिबान से खतरा'

बेंगलुरु: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एनएके ब्राउन ने आगाह किया कि अफगानिस्तान में आतंकवादियों की गतिविधियों में नाटकीय परिवर्तन आया है तथा तालिबान और अलकायदा के लड़ाके पाकिस्तान में घुसपैठ तेज होने और उनके भारतीय सीमा तक फैल जाने की आशंका है।

 

वायुसेना प्रमुख यहां एयर चीफ मार्शल एल.एम. खत्रे स्मृति व्याख्यानमाला में अपने संबोधन के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत को कुछ महत्वपूर्ण सूचनाएं मिलीं हैं। उनके अनुसार 2012-13 में अफगानिस्तान से अमेरिकी एवं अन्य पश्चिमी देशों की सेनाओं के हटने के बाद स्थितियां कहीं बिगड़ सकती हैं। ब्राउन ने कहा कि अमेरिकी सेनाएं इस दौरान अफगानिस्तान छोड़ देंगी। वर्तमान सुरक्षा ढांचा शांति सुनिश्चित करने तथा तालिबान और अलकायदा को मजबूत बनने से रोकने में सक्षम नहीं है। इस दृष्टि से पाकिस्तान पर कड़ी नजर रखने की जरूरत है।

 

एयर चीफ मार्शल ब्राउन ने कहा कि पाकिस्तान का एक व्यवस्थित ढंग से तालिबानीकरण भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता की बात है। इससे पहले अफगानिस्तान आतंकवाद का केंद्र हुआ करता था लेकिन स्थिति में बहुत तेजी से नाटकीय परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा ‌कि यह खतरा न केवल उत्तर पश्चिमी प्रांत में बल्कि पाकिस्तान के पंजाब क्षेत्र में भी बढ़ा है, जहां पंजाबी तालिबान तेजी से उभर रहा है। यदि पश्चिमी सेनाओं के हटने के बाद अफगानिस्तान में स्थिति लगातार बिगड़ती है तो वे ताकतें वाघा सीमा से बहुत नजदीक होंगी। (एजेंसी)

First Published: Sunday, April 29, 2012, 15:19

comments powered by Disqus