Last Updated: Monday, October 22, 2012, 17:36

मंडी : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि खुद भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे रहने के बावजूद वह इससे लड़ने का महज ‘दिखावा’ कर रही है। सोनिया ने हिमाचल प्रदेश में पार्टी का चुनाव प्रचार शुरू करते हुए कहा, ये लोग (भाजपा) भ्रष्टाचार हटाने की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, जबकि ये खुद इसमें आकंठ लिप्त हैं।
भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई सिर्फ एक दिखावा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ उंगली उठाने से पहले उन्हें अपने अंदर झांक कर देखना चाहिए। हिमाचल प्रदेश के मंडी में चुनाव संबंधी एक रैली को संबोधित करने के दौरान उन्होंने कहा कि यह शर्म की बात है कि भ्रष्टाचार ने सरकारी तंत्र को पीड़ित कर दिया है और यह भी कहा कि सिर्फ कांग्रेस पार्टी ने सूचना का अधिकार कानून (आरटीआई) को लागू कर इससे सीधे-सीधे निपटने के प्रयास किए हैं।
उन्होंने कहा, आरटीआई कानून कौन लेकर आया? क्या भाजपा ने इसे लागू किया? यह संप्रग :संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन: है जो भ्रष्टाचार से निपटने के लिए आरटीआई कानून लाया।’’ गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव चार नवंबर को होने वाले हैं।
सोनिया ने हाल ही में डीजल के दाम में हुई बढ़ोतरी का यह कह कर बचाव किया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल के दाम बढ़ने के कारण यह बढ़ोतरी जरूरी हो गई थी। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों ने डीजल के दाम में हुई बढ़ोतरी का प्रभाव कम करने के लिए डीजल पर वैट कम कर दिया है, लेकिन भाजपा-शासित राज्यों में इस तरह के कदम नहीं उठाए गए हैं।
राज्य सरकार के बारे में सोनिया ने कहा कि पिछले साल राज्य को केंद्र से मिली 10 हजार करोड़ रुपए की राशि बेकार चली गई, क्योंकि राज्य की भाजपा सरकार ने राज्य में केंद्र की विभिन्न योजनाओं को लागू करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा, भाजपा की ओर से किए गए वादों और उसके वास्तविक कार्यों के बीच फर्क है। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 22, 2012, 17:36