Last Updated: Friday, August 10, 2012, 13:15

नई दिल्ली: योग गुरु बाबा रामदेव ने शुक्रवार को कहा कि यदि ओलम्पिक में भ्रष्टाचार के लिए कोई पदक दिया जाता, तो भारत को वहां स्वर्ण पदक मिलता। रामदेव यहां रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार व काले धन के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने अपने हजारों समर्थकों के बीच यह बात कही।
भ्रष्टाचार व काले धन के खिलाफ अपने आंदोलन के लिए देशवासियों से समर्थन मांगते हुए रामदेव ने कहा, "यदि ओलम्पिक में भ्रष्टाचार के लिए कोई प्रतिस्पर्धा होती तो वहां भारत को स्वर्ण पदक मिल सकता था।"
रामलीला मैदान में सुबह आठ बजे से ही समर्थकों की भीड़ जुटने लगी थी। लोगों ने उनके इस कथन पर तालियां बजाईं। इस पर उन्होंने कहा, "यह ऐसा मुद्दा नहीं है, जिस पर तालियां बजाई जाएं।"
उन्होंने समर्थकों को सम्बोधित करने से पहले योग शिविर के साथ दिन की शुरुआत की। वह भ्रष्टाचार व काले धन के खिलाफ आंदोलन करने के साथ सख्त लोकपाल विधेयक बनाए जाने, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को स्वतंत्र बनाने व सिटीजंस चार्टर की भी मांग कर रहे हैं। हाल ही में भंग हुई टीम अन्ना की भी यही मांगें थीं।
रामदेव का सांकेतिक उपवास गुरुवार से शुरू हो गया है। आयोजकों को इस बार तीन दिन के सप्ताहांत में और भीड़ जुटने की उम्मीद है। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 10, 2012, 13:15