Last Updated: Saturday, October 27, 2012, 17:23

पालमपुर (हिमाचल प्रदेश) : भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने शनिवार को कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह देश में सबसे भ्रष्ट और असंवेदनशील सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं।
यहां एक चुनावी रैली को सम्बोधित करते हुए स्वराज ने मंत्रियों पर दोष मढ़ने का प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री, मंत्रिमंडल के प्रमुख होने के नाते जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते।
स्वराज ने कहा, `प्रधानमंत्री भ्रष्ट लोगों से घिरे हुए हैं, लेकिन मंत्रिमंडल के प्रधान होने के नाते वह जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते।` भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री को संसद में जवाबदेह ठहराया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। सुषमा ने कहा, `प्रधानमंत्री के रूप में वह दोष दूसरों पर टाल नहीं सकते। उन्हें नैतिक रूप से जिम्मेदार होना है।`
स्वराज, हालांकि मीडियाकर्मियों द्वारा भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बारे में पूछे गए प्रश्नों को टाल गईं। उन्होंने कहा, `गडकरी ने खुद कहा है कि वह किसी भी जांच का सामना करने के लिए तैयार हैं।` हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 4 नवम्बर को होना है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, October 27, 2012, 17:23