Last Updated: Sunday, November 4, 2012, 14:43
.jpg)
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने रविवार को एक बार फिर जोर देकर कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार भ्रष्टाचार को समूल नष्ट करने को लेकर दृढ़ प्रतिज्ञ है। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान साथ ही यह ध्यान रखा जाना चाहिए कि ईमानदारी लोगों को काम करने से भय न सताने लगे।
रामलीला मैदान में यहां कांग्रेस की महारैली को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह हमारा कर्तव्य है कि हम भ्रष्टाचार न होने दें और साथ ही सुनिश्चित करें कि भ्रष्टाचार करने वालों को कड़ा दंड मिले। लेकिन हमें यह ध्यान भी रखना होगा कि हम भय का ऐसा माहौल न खड़ा करें जिससे कि विकास के काम प्रभावित हों।
उन्होंने भ्रष्टाचार को समूल नष्ट करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाई। गत 10 अक्टूबर को केंद्रीय जांच ब्यूरो और राज्यों की भ्रष्टाचार विरोधी शाखाओं के अधिकारियों को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा था कि भ्रष्टाचार पर नकारात्मकता और हताशा से देश की छवि को नुकसान पहुंच सकता है और उसके मनोबल का कम कर सकता है।
ज्ञात हो कि संप्रग की मौजूदा सरकार भ्रष्टाचार के चौतरफा आरोपों का सामना कर रही है। पहले 2जी घोटाला सामने आया और फिर कोयला ब्लॉक आवंटन में घोटाला उजागर हुआ। हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा पर इंडिया अगेंस्ट करप्शन ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। (एजेंसी)
First Published: Sunday, November 4, 2012, 14:43