भ्रष्टाचार पर अन्ना, रामदेव का आंदोलन - Zee News हिंदी

भ्रष्टाचार पर अन्ना, रामदेव का आंदोलन

ज़ी न्यूज ब्यूरो

 

शिरडी,दुर्ग,भिलाई: आज से अन्ना हजारे और योगगुरु रामदेव सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार और कालेधन के आंदोलन की शुरुआत कर रहे हैं।

 

साईं के शहर शिरडी से अन्ना हजारे महाराष्ट्र की यात्रा शुरू करेंगे तो छत्तीसगढ़ के दुर्ग से बाबा रामदेव की यात्रा शुरू होगी।

 

मंगलवार सुबह 11 बजे रामदेव दुर्ग से अपनी यात्रा शुरु करेंगे तो शाम 5 बजे अन्ना हजारे महाराष्ट्र के शिरडी से भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी जंग का आगाज करेंगे।

 

अन्ना और रामदेव की ये यात्रा पूरे महीने अलग-अलग चलती रहेगी। तपती गर्मी में अन्ना महाराष्ट्र के 35 जिलों का चक्कर लगाएंगे तो रामदेव देश के अलग अलग राज्यों में अलख जगाने का काम करेंगे।

 

रामदेव छत्तीसगढ़ के दुर्ग से यात्रा शुरू कर मध्यप्रदेश के ग्वालियर, भिंड और मुरैना जाएंगे।  मध्यप्रदेश से वो उत्तर प्रदेश के मेरठ में आएंगे फिर वहां से हरिद्वार का रुख करेंगे, फिर वो राजस्थान के चूरी और झुंझुनू होते हुए हरियाणा आएंगे।  पलवल से गुड़गांव होते हुए रामदेव उत्तर प्रदेश के नोएडा और फिर गाजियाबाद जाएंगे।  फिर वहां से दिल्ली का रुख करेंगे।

 

दूसरी तरफ अन्ना शिरडी से दौरा शुरु कर औरंगाबाद, लातूर, नांदेड़, यवतमान, गडचिरौली, नागपुर अमरावती, नासिक, पुणे सांगली रत्नागिरी होते हुए मुंबई जाएंगे। जनलोकपाल और विदेशों से काला धन वापस लाने का आंदोलन समानांतर चलता रहेगा।

 

महीने भर अलग-अलग यात्रा करने के बाद अन्ना हजारे और बाबा रामदेव दिल्ली पहुंचेंगे। फिर तीन जून को साझा सांकेतिक आंदोलन करेंगे।

First Published: Tuesday, May 1, 2012, 19:41

comments powered by Disqus