भ्रष्टाचार पर आत्मनिरीक्षण करे भाजपा : बंसल

भ्रष्टाचार पर आत्मनिरीक्षण करे भाजपा : बंसल

चंडीगढ़ : केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने आज कहा कि भाजपा को भ्रष्टाचार पर अपने रुख के बारे में आत्मनिरीक्षण करना चाहिए क्योंकि उसकी पार्टी के अध्यक्ष नितिन गडकरी खुद ही अपनी कंपनियों में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों का सामना कर रहे हैं।

एक समारोह से इतर बंसल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘भाजपा पिछले साढ़े आठ साल से बिना जांच किए और बिना जानकारी के ही कांग्रेस के खिलाफ मुद्दे उठाने में लगी रही है। इसलिए, भाजपा को आत्म-विश्लेषण करना चाहिए कि उसके मानक या मानदंड क्या रहे हैं।’ बंसल ने कहा, ‘इससे पहले, हमारे पास भाजपा के पूर्व अध्यक्ष बंगारु लक्ष्मण का उदाहरण रहा है और अब दूसरा उदाहरण नितिन गडकरी की कंपनियों में वित्तीय अनियमितता का सामने आ गया है।’

संसदीय मामलों के मंत्री इस बाबत मीडिया के एक सवाल का जवाब दे रहे थे कि भाजपा के नेता आरोपों का सामना कर रहे गडकरी के समर्थन में आ रहे हैं। कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को ज्यादा जिम्मेदारी दिए जाने से जुड़े एक सवाल पर बंसल ने कहा कि यह तो राहुल पर ही निर्भर करता है कि पार्टी में वह अपने लिए कौन सी भूमिका चुनते हैं ।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की संभावनाओं के बारे में सवाल किए जाने पर बंसल ने कहा, ‘हिमाचल प्रदेश में हम काफी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। लोग भाजपा से उब चुके हैं। भाजपा ने लोगों को गुमराह करने में महारत हासिल कर ली है। सिर्फ यही उन्होंने किया है।’ (एजेंसी)

First Published: Saturday, October 27, 2012, 18:16

comments powered by Disqus