मंत्रालय अग्निकांड: कई घोटालों के दस्‍तावेज जलकर खाक!

मंत्रालय अग्निकांड: कई घोटालों के दस्‍तावेज जलकर खाक!

मंत्रालय अग्निकांड: कई घोटालों के दस्‍तावेज जलकर खाक!  ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी

मुंबई : महाराष्ट्र सचिवालय ‘मंत्रालय’ में गुरुवार को लगी भीषण आग पर तो काबू पा लिया गया लेकिन महाराष्‍ट्र सरकार के समक्ष अब कई मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। इस बात की चर्चा है कि इस अग्निकांड के पीछे साजिश है। ज़ी न्यूज को सूत्रों से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, सचिवालय में लगी आग में कई घोटालों से जुड़ी अहम फाइलें जलकर खाक हो गई हैं। गौर हो कि सात मंजिला सचिवालय की ऊपर की तीन मंजिलों को इस आग में सर्वाधिक नुकसान पहुंचा है और तकरीबन सब कुछ जलकर राख हो गया। ज्ञात हो इन्हीं तीन मंजिलों पर मुख्यकमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के कार्यालय स्थित हैं।

जानकारी के अनुसार, जो फाइलें जलकर राख हुई हैं, उनमें 300 करोड़ रुपये के पुणे अर्बन लैंड सीलिंग (रेगुलेशन) एक्‍ट घोटाले से संबंधित फाइलें भी हैं। इस घोटाले में गरीबों के आवास उद्देश्य के लिए प्रयुक्त होने वाले लाखों वर्ग मीटर जमीन को कथित तौर पर फर्जी आदेश के जरिए रिलीज कर दिया गया और इसे निजी हितों के उपयोग में लाया गया। इसके अलावा, ऐसा माना जा रहा है कि सिंचाई विभाग में अनियमितता से संबंधित फाइलें भी आग में नष्ट हो गई हैं।

हाल के दिनों में महाराष्ट्र में सिंचाई विभाग के प्रोजेक्टों से संबंधित किए गए एक अध्ययन में नया घोटाला सामने आया। जिसके अनुसार, पिछले एक दशक में सिंचाई क्षेत्र में तकरीबन 26000 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा हुआ। पुलिस अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मरक कार्रवाई से जुड़े फाइलों के भी जलकर नष्टक होने की आशंका है। मीडिया में ऐसी भी चर्चा है कि आदर्श घोटाले से संबंधित फाइलें भी नष्ट हो गई हैं। हालांकि मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वान ने कहा कि आदर्श सोसायटी से जुड़ी फाइलें सुरक्षित हैं और नष्‍ट हुए रिकार्ड्स को एक्‍सपर्ट के जरिये बरामद करने की कोशिश की जाएगी। इसके अलावा, कई कंप्यूटर भी जलकर खाक हो गई, जिसमें कई अहम सूचना दर्ज थे।

उधर, यह भी बात सामने आई है कि सचिवालय की पांचवीं मंजिल पर 18 गैस सिलेंडर रखे थे। अब बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि ये सिलेंडर कहां से आए। कहीं इसके पीछे बड़ी साजिश तो नहीं है। मंत्रालय बिल्डिंग में 18 गैस सिलेंडर मिलने पर सवाल उठाया जा रहा है।

महाराष्ट्र मंत्रालय में अग्निकांड की घटना के अगले दिन शुक्रवार को राज्य के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने हालात का जायजा लिया और कहा कि सचिवालय में कामकाज जल्द से जल्द सामान्य करने के सभी प्रयास किए जाएंगे। चव्हाण ने हादसे में पांच लोगों के मारे जाने पर भी दुख जताया। इन पांचों लोगों के शव गुरुवार को व शुक्रवार सुबह मंत्रालय की इमारत से मिले। विधान भवन में मंत्रालय की एक बैठक के बाद चव्हाण ने संवाददाताओं से कहा कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, सचिवालय कामकाज के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखे हुए हैं।

मंत्रालय की छह मंजिला इमारत के ऊपर के चार तल गुरुवार को हुए इस अग्निकांड की चपेट में आ गए थे। वैसे शुक्रवार सुबह कुछ मंत्री अग्निकांड से उनके कार्यालयों को पहुंचे नुकसान का जायजा लेने के लिए मंत्रालय पहुंचे थे। शुक्रवार सुबह सैकड़ों कर्मचारी मंत्रालय में कामकाज के लिए पहुंचे थे लेकिन उन्हें सुरक्षा कारणों से अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। मंत्रियों व कुछ अधिकारियों ने वैकल्पिक कार्यालयों से कामकाज शुरू कर दिया है। चव्हाण ने कहा कि इमारत की जांच की जा रही है।

उधर, महाराष्ट्र के राज्य सचिवालय में लगी आग का निरीक्षण कर रहे अधिकारी इस बात को देखकर आश्चर्यचकित रह गये कि चौथी मंजिल पर भीषण आग लगने के बावजूद दो प्रमुख कार्यालयों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। शहरी विकास विभाग के उप सचिव कार्यालय और उससे लगे पुनर्वास और राहत विभाग के प्रधान सचिव प्रवीण परदेशी के कार्यालय को आग से कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

First Published: Friday, June 22, 2012, 18:44

comments powered by Disqus