मंत्रियों, नेताओं ने दारा सिंह को दी श्रद्धांजलि

मंत्रियों, नेताओं ने दारा सिंह को दी श्रद्धांजलि


नई दिल्ली : केंद्रीय मंत्रियों समेत विभिन्न राजनीतिक दल के नेताओं ने कुश्ती से लेकर अभिनय के क्षेत्र मे अलग पहचान बनाने वाले दारा सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सादगी और शालीनता नयी पीढ़ी को प्रेरणा देगी।

लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज ने ट्विटर पर लिखा, ‘ दारा सिंहजी के निधन का समाचार पाकर काफी दुख हुआ। वह न केवल एक खिलाड़ी के रूप में जाने जाते थे बल्कि एक अभिनेता और सांसद के तौर पर भी उनकी ख्याति थी। सुषमा ने कहा कि अपने पूरे जीवनकाल में विशिष्ठ और प्रेरणादायक थे, लेकिन उनका जीवन सादा और शालीनता से भरा था। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने अपने शोक संदेश में कहा कि मुझे दारा सिंहजी के निधन का समाचार सुनकर काफी दुख हुआ है। अभिनेता, निर्माता और निर्देशक के रूप में विभिन्न स्तरों पर भारतीय फिल्म उद्योग में अभूतपूर्व योगदान के लिए दारा सिंहजी का हमारे दिल में हमेशा विशेष स्थान रहेगा। मंत्री ने राज्यसभा सदस्य के रूप में दारा सिंह के रिकार्ड को याद करते हुए कहा कि भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।

गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि ‘रिंग से स्क्रीन’ तक उन्होंने सभी पीढ़ियों के दिलों पर राज किया। हम रूस्तम-ए-हिंद दारा सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त करते हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। (एजेंसी)

First Published: Thursday, July 12, 2012, 14:41

comments powered by Disqus