‘मछुआरा मामला केंद्र व केरल सरकार पर छोड़ दें’ - Zee News हिंदी

‘मछुआरा मामला केंद्र व केरल सरकार पर छोड़ दें’



ज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो

 

नई दिल्ली : दो भारतीय मछुआरों के मारे जाने पर राजनयिक गतिरोध के बीच विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने गुरुवार को कहा कि यह फैसला केंद्र और केरल सरकार पर छोड़ दिया जाना चाहिए कि दो इतालवी नौसैन्य कर्मियों के खिलाफ मामले से कैसे निपटा जाए।

 

कृष्णा ने कहा कि यह फैसला भारत सरकार और केरल की सरकार को ही करना है। उनसे पूछा गया था कि क्या इटली ने इस बात को स्वीकार कर लिया है कि मामले से भारतीय कानून के हिसाब से ही निपटा जाना चाहिए ।
इटली भारत पर इस बात के लिए जोर डाल रहा है कि हत्या के आरोप में गिरफ्तार उसके दो नौसैन्य कर्मियों का मामला केरल की अदालत से बाहर जाना चाहिए, जबकि नयी दिल्ली का कहना है कि भारत का कानून अपना काम करेगा।

 

उधर, केरल हाईकोर्ट ने इटली के दो नौसेनिकों के खिलाफ प्राथमिकी रद्द करने की इतालवी सरकार की याचिका को आज विचारार्थ मंजूर कर लिया। दोनों नौसेनिकों को गत 15 फरवरी को दो भारतीय मछुआरों को गोली मारने के मामले में गिरफ्तार किया गया था।

 

इटली के गिरफ्तार दो नौसैन्य कर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने गोली चलाकर दो भारतीय मछुआरों को मार दिया। केरल पुलिस ने दोनों पर हत्या का मामला दर्ज किया है। कोल्लम अदालत ने दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी दो इतालवी नौसैन्यकर्मियों की पुलिस हिरासत एक मार्च तक के लिए बढ़ाई।

 

First Published: Friday, February 24, 2012, 10:55

comments powered by Disqus