Last Updated: Thursday, February 16, 2012, 17:28
नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम : इटली के मालवाहक जहाज से हुई गोलीबारी में दो भारतीय मछुआरों की मौत हो गई, जिस पर भारत ने गहरा रोष जताया है। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। रक्षा मंत्री एके एंटनी ने घटना पर चिंता जताते हुए इसे गम्भीर व दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उधर, केरल सरकार ने मृतक मछुआरों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।
केंद्र सरकार ने घटना पर गहरा रोष जताते हुए इटली के राजदूत को तलब कर यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि जहाज का कप्तान स्थानीय पुलिस के साथ जांच में सहयोग करे। उन्होंने जांच में सहयोग का भरोसा दिलाया, लेकिन इसे आत्मरक्षा में की गई गोलीबारी बताया। इटली दूतावास के मुताबिक, समुद्र के अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में पहले उसके मालवाहक जहाज पर गोली चलाई गई।
इटली के मालवाहक जहाज 'एनरिका लेक्सी' के सुरक्षा कर्मियों ने बुधवार शाम करीब पांच बजे केरल में अलापुझा तट से 14 समुद्री मील दूर मछुआरों की नौका को समुद्री लुटेरों की नौका समझकर इटली के जहाज के सुरक्षा कर्मियों ने गोली चला दी थी, जिसमें दो मछुआरों की मौत हो गई। इनमें से एक केरल और दूसरा तमिलनाडु से था।
विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) एम. गणपति ने इटली के राजदूत गियाकोमो सैनफेलिस डी मोंटफोर्ट से मुलाकात कर घटना पर रोष जताते हुए उनसे यह सुनिश्चित करने को कहा कि जहाज के कप्तान जांच में भारतीय अधिकारियों का सहयोग करें। इटली के राजदूत ने भरोसा दिलाया कि कप्तान जांच में कोच्चि पुलिस को सहयोग करेंगे।
इटली के दूतावास का हालांकि यह भी कहना है कि उसने आत्मरक्षा में गोली चलाई, क्योंकि पहले उस पर गोली चलाई गई। दूतावास से जारी बयान में कहा गया है, इटली के जहाज पर कल (बुधवार को) भारत के दक्षिण पश्चिमी तट से 30 समुद्री मील दूर अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में हमला किया गया। जहाज में सवार इटली के सुरक्षा कर्मियों ने इसके बाद अंतर्राष्ट्रीय प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए कई बार चेतावनी दी। लेकिन बार-बार गोलीबारी के बाद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें समुद्री लुटेरे समझकर गोली चला दी। बयान में यह भी कहा गया है, हम लगातार भारतीय अधिकारियों के सम्पर्क में हैं और घटना के सभी पहलुओं पर साथ मिलकर काम करेंगे।
इस बीच, रक्षा मंत्री ए के एंटनी ने घटना को 'बेहद गम्भीर' करार देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गणतंत्र दिवस पर सर्वश्रेष्ठ मार्च करने वाली सैन्य टुकड़ी को सम्मानित किए जाने के लिए आयोजित समारोह में संवाददाताओं से बातचीत में एंटनी ने कहा, यह बहुत गम्भीर तथा दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।
उन्होंने कहा कि केरल पुलिस और भारतीय तट रक्षक बल घटना की जांच कर रहे हैं। साथ ही पीड़ितों के परिजनों से भी मुलाकात कर रहे हैं। भारत समुद्री लुटेरों से निपटने के साथ-साथ ऐसी घटनाओं की पुनरावृति रोकने के लिए समुद्र में सतर्कता बरतेगा।
उधर, मुम्बई स्थित जहाजरानी महानिदेशालय (डीजीएस) के मुख्यालय के अनुसार, घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। कोच्चि स्थित समुद्री वाणिज्यक विभाग के प्रधान अधिकारी को घटना की शुरुआती जांच करने तथा अपनी रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा गया है। डीजीएस के अनुसार, इटली का यह जहाज कच्चे तेल की खेप लेकर सिंगापुर से मिस्र की समुद्री यात्रा पर था। इसके चालक दल के 19 सदस्य भारतीय थे।
जहाज फिलहाल कोच्चि तट पर खड़ा है। मामले की जांच के सिलसिले में पुलिस ने जहाज के अधिकारियों को तलब किया है। मछुआरे एक सप्ताह पहले कोल्लम से मछली पकड़ने के लिए समुद्र में उतरे थे। नौका के मालिक फ्रेड्डी भी उसमें मौजूद थे। उन्होंने बताया कि घटना बुधवार शाम 4.30 बजे की है। नौका में 11 लोग सवार थे।
फ्रेड्डी तमिलनाडु से हैं। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, गोलीबारी में मारे गए दो मछुआरों के अतिरिक्त सभी नौ मछुआरे घटना के वक्त सो रहे थे। गोलीबारी की आवाज सुनकर मैं जाग गया। मैंने दो मछुआरों को खून से लथपथ पाया। मेरे शोर मचाने पर अन्य मछुआरे भी जाग गए। लेकिन तब तक बहुत देर हो गई थी। (एजेंसी)
First Published: Thursday, February 16, 2012, 22:59