मछुआरों पर गोलीबारी की जांच हो : द्रमुक

मछुआरों पर गोलीबारी की जांच हो : द्रमुक

नई दिल्ली : द्रमुक ने अमेरिकी नौसेना के पोत से मछुआरों पर गोली चलाने के मामले में आज भारत और संयुक्त अरब अमीरात की ओर से संयुक्त जांच की मांग की है। गोलीबारी में एक मछुआरे की मौत हो गई थी।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दिए ज्ञापन में द्रमुक के सांसदों ने सरकार से यह मांग भी की है कि घटना में मृतक के परिजनों के अलावा घायल हुए तीन मछुआरों को अमेरिका, यूएई के अलावा दुबई की उन कंपनियों की ओर से मुआवजा दिया जाए, जिनके लिए वे काम कर रहे थे। अमेरिकी नौसेनिक पोत पर सवार एक सुरक्षा दल ने इस सप्ताह के शुरू में दुबई तट के पास तमिलनाडु के रहने वाले मछुआरों की छोटी नौका पर गोलियां चला दी थीं।

ज्ञापन में कहा गया है, ‘सरकार को अमेरिका पर मामले में पूरी तरह जांच के लिए दबाव बनाना चाहिए ताकि भविष्य में दुनिया में कहीं भी इस तरह की दुखद घटना नहीं होने दी जाए।’ सांसदों ने कहा कि दुबई की घटना ने और श्रीलंकाई अधिकारियों द्वारा तमिल मछुआरों पर गोलीबारी से भी मछुआरे समुदाय के हजारों लोगों के बीच असहाय होने की भावना ने जन्म लिया है। यह समुदाय राज्य की 1100 किलोमीटर लंबी तटीय रेखा के आसपास रहता है। (एजेंसी)

First Published: Thursday, July 19, 2012, 13:28

comments powered by Disqus