Last Updated: Thursday, September 20, 2012, 22:24
नई दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस के संप्रग गठबंधन से बाहर होने की बात तय होने के बीच केंद्रीय मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना काफी बढ़ गई है। कांग्रेस सू़त्र मंत्रिमंडल में व्यापक फेदबदल की बात कह रहे हैं और यह अगले सप्ताह संभव है।
पार्टी सू़त्रों ने कहा कि सरकार और पार्टी संगठन में फेदरबदल एक साथ संभव है। ऐसी संभावना है कि कुछ मंत्रियों को पार्टी के कामकाज में लगाया जाएगा। कुछ मंत्रियों को 2014 के लोकसभा चुनाव की तैयारी के सिलसिले में पार्टी में भेजा जा सकता है। तृणमूल कांग्रेस के मुकुल रॉय के शुक्रवार को इस्तीफा देने की संभावना से रेल मंत्रालय खाली हो सकता है। इसके साथ ही तृणमूल के चार और मंत्री भी इस्तीफा सौंप सकते हैं। रेल मंत्रालय कांग्रेस अपने पास रख सकती है।
कांग्रेस के एक वर्ग का कहना है कि गृह, वित्त, रक्षा और विदेश मंत्रालय में कोई बदलाव किये जाने की संभावना नहीं है लेकिन अंतिम समय में इसमें बदलाव किए जाने से भी इंकार नहीं किया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि कुछ मंत्रियों के पास एक से अधिक मंत्रालयों का प्रभार है, उन्हें अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया जा सकता है।
मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल के पास संचार मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार है जो 2जी मामले में ए. राजा के इस्तीफे के बाद उन्हें सौंपी गई थी। एम. वीरप्पा मोइली और व्यालार रवि के पास एक से अधिक मंत्रालय हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, September 20, 2012, 22:24