Last Updated: Friday, April 5, 2013, 22:48

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सत्ता के कथित दो केन्द्रों की बहस को शुक्रवार को बेकार बता कर खारिज कर दिया और तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की संभावना से इनकार नहीं किया।
संप्रग शासन में सत्ता के दो केन्द्र होने की बहस पर उन्होंने कहा कि यह मीडिया की उपज है। यह निर्थक बहस है। संवाददाताओं ने उनसे कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के उस बयान के बारे में पूछा था जिसमें सत्ता के दो केन्द्र की बात कही गई है।
दिग्विजय ने कहा है कि सत्ता के दो केन्द्रों -एक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और दूसरा प्रधानमंत्री -की व्यवस्था सफल नहीं रही है और इस प्रयोग को दोहराना नहीं चाहिए।
कांग्रेस ने आधिकारिक रूप से हालांकि दिग्विजय के इस दावे को खारिज करते हुए कहा है कि यह व्यवस्था भविष्य के लिए भी आदर्श मॉडल है।
इस सवाल पर कि क्या वह प्रधानमंत्री पद का तीसरा कार्यकाल स्वीकार करेंगे, मनमोहन सिंह ने कहा कि यह काल्पनिक सवाल है, हमें अभी यह कार्यकाल पूरा करना बाकी है। वर्तमान सरकार का कार्यकाल अगले साल मई में समाप्त होगा। यह पूछे जाने पर कि क्या वह अपनी संभावना (तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने की) से इंकार कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि वह ऐसी किसी संभावना या असंभावना दोनों से इंकार नहीं कर रहे हैं।
इस सवाल पर कि क्या वह राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाए जाने का स्वागत करेंगे, उन्होंने तपाक से कहा कि जी हां, कभी भी। प्रधानमंत्री बनने की संभावना के बारे में राहुल से किए गए सवाल पर कल कांग्रेस के उपाध्यक्ष ने इसे अप्रसांगिक प्रश्न बताया था।
राष्ट्रपति भवन में पदम पुरस्कार वितरण समारोह के बाद प्रधानमंत्री ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान उक्त बातें कहीं। (एजेंसी)
First Published: Friday, April 5, 2013, 13:02