Last Updated: Friday, June 15, 2012, 14:31
नई दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव उनके साथ हैं और पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम राष्ट्रपति चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कलाम को दूसरे कार्यकाल के लिए अग्रिम बधाई दे दी।
कोलकाता के लिए प्रस्थान करने से पहले संवाददाताओं को संबोधित करते हुए आत्मविश्वास से भरीं ममता ने कहा कि कलाम सपा और तृणमूल दोनों के उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि मुलायम और हम एकसाथ हैं। बनर्जी ने कहा कि मैंने दिल्ली में दो दिन बिताए और अपने उम्मीदवारों की घोषणा करने के बाद मैंने और मुलायम सिंह जी ने 24 घंटे इंतजार किए, लेकिन कांग्रेस ने हमारे उम्मीदवारों को खारिज कर दिया। अन्य राजनीतिक दलों ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन हमें जो भी प्रतिक्रिया मिली है, वह कलाम जी के पक्ष में है। बनर्जी ने कहा कि कलाम जी चुनाव लड़ेंगे। कलाम जी को हमारी अग्रिम बधाई।
बनर्जी ने कहा कि वह देश के लिए मूल्यवान हैं। उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया, दुनिया में वह लोकप्रिय शख्सियत हैं और यदि अमेरिका की तरह यहां सीधे चुनाव हो तो वह संभवत: पहले स्थान पर होंगे। कोई भी व्यक्ति उनके खिलाफ नहीं लड़ेगा।
ममता ने सभी राजनीतिक दलों से कलाम का समर्थन करने के लिए आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मैं सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करती हूं। इसमें कोई पूर्वाग्रह और लड़ाई नहीं है। राष्ट्रपति का पद बहुत महत्वपूर्ण है.. हम सभी से कलाम का समर्थन करने के लिए कहें। लेकिन कलाम अभी इस बारे में कोई निर्णय नहीं ले पाए हैं। उन्होंने कहा कि वह सही समय पर उचित निर्णय लेंगे।
ज्ञात हो कि सपा और तृणमूल ने बुधवार को कलाम को राष्ट्रपति पद के अपने तीन पसंदीदा उम्मीदवारों में से एक बताया था। गुरुवार को बनर्जी ने कहा कि कलाम उनकी पहली पसंद हैं और उन्होंने सपा नेता मुलायम सिंह यादव से मुलाकात के बाद अपनी बात दोहराई। (एजेंसी)
First Published: Friday, June 15, 2012, 14:31