ममता यूपीए सरकार से भी वापस लें समर्थन: भाजपा

ममता यूपीए सरकार से भी वापस लें समर्थन: भाजपा

नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल में कांग्रेस से नाता तोड़ने संबंधी तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी के फैसले का स्वागत करते हुए भाजपा ने आज कहा कि उन्हें चाहिए कि वह अब केन्द्र सरकार से भी समर्थन वापस ले लें।

भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने यहां कहा, पश्चिम बंगाल में अगला विधानसभा चुनाव कांग्रेस के बिना लड़ने की घोषणा करके ममता बनर्जी ने सही फैसला किया है। उन्हें अब यह भी सुनिश्ति करना चाहिए कि लोकसभा के चुनाव समय पूर्व हों। उन्हें चाहिए कि संप्रग सरकार के शासन से पिस रहे लोगों को वह मुक्ति दिलाएं।

उन्होंने कहा कि 2009 में 206 लोकसभा सीट जीत कर कांग्रेस ऐसा आचरण कर रही है कि मानों उसने इससे दोगुनी सीट पाई हैं। वह इस गलतफहमी में जी रही है कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार है। कांग्रेस का अपने सहयोगी दलों के प्रति सामंती आचरण है। वह उन्हें विश्वास में नहीं लेती है और उनका अपमान करती है।

शाहनवाज ने दावा किया, कांग्रेस के बसंत के दिन लद चुके हैं और उसके लिए शरद रितु की शुरूआत हो गई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नीत विपक्षी गठबंधन राजग लोकसभा चुनावों का सामना करने लिए तैयार है और जनता भी मनमोहन सिंह सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए बेताब है। (एजेंसी)

First Published: Saturday, July 21, 2012, 20:08

comments powered by Disqus