Last Updated: Sunday, May 20, 2012, 13:10
नई दिल्ली : भारत पर दबाव बनाने के प्रयास के तहत इटली के प्रधानमंत्री मारियो मोंटी ने केरल में गिरफ्तार इटली के दो नौसैनिकों पर चिंता जाहिर करने के लिए अपने भारतीय समकक्ष मनमोहन सिंह को फोन किया।
दोनों नौसैनिकों को फरवरी में दो मछुआरों की कथित रूप से हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
सूत्रों ने आज कहा कि मोंटी नौसैनिकों को इटली स्थानांतरित करने का दबाव बना रहे हैं और समझा जाता है कि उन्होंने उनकी स्थिति पर अपनी चिंता जाहिर की।
सूत्रों ने कहा कि कोल्लम की अदालत में कल सुनवाई से कुछ दिनों पहले उनके बीच टेलीफोन पर वार्ता हुई। अदालत ने नौसैनिक मासीमिलियानो लाटोरे एवं सालवाटोरे गिरोने की जमानत याचिका खारिज कर दी।
नौसैनिकों को कथित रूप से गोलीबारी करने के चार दिन बाद 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया। एनरिका लेक्सी पर सवार दोनों नौसैनिकों ने केरल तट पर मछुआरों को संभवत: समुद्री डकैत समझकर हत्या कर दी थी।
इटली के विदेश मंत्रालय द्वारा रोम में भारत के राजदूत देबब्रत साहा को तलब करने के बाद दोनों के बीच टेलीफोन पर वार्ता हुई। नौसैनिकों के खिलाफ हत्या का मामला चलाने के लिए चिंता जाहिर करने को लेकर साहा को तलब किया गया था। इटली ने भारत में अपने राजदूत गियासोमो सैनफेलिस को भी वापस बुला लिया है। (एजेंसी)
First Published: Monday, May 21, 2012, 11:46