महिलाओं की सुरक्षा के लिए शहीद हुई लड़की: महिला आयोग

महिलाओं की सुरक्षा के लिए शहीद हुई लड़की: महिला आयोग

महिलाओं की सुरक्षा के लिए शहीद हुई लड़की: महिला आयोग नई दिल्ली : राष्ट्रीय महिला आयोग ने कहा है कि सामूहिक बलात्कार की पीड़ित लड़की महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘शहीद’ हुई है और ऐसे अपराधों को रोकने के लिए सरकार एवं सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करने की जरूरत है।

महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने कहा कि सिविल सोसायटी को महिला के खिलाफ यौन उत्पीड़न संबंधी कानून में संशोधन को लेकर सरकार से सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘यह लड़की महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर शहीद हुई है। सरकार और सिविल सोसायटी सभी को मिलकर काम करना चाहिए और महिलाओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न संबंधी कानून में संशोधन में मदद करनी चाहिए।’’ ममता ने कहा कि यह हर एक का कर्तव्य है कि वह भविष्य में ऐसी घटनाओं को होने से रोके।

बीते 16 दिसंबर को चलती बस में छह लोगों ने 23 साल की लड़की के साथ सामूहिक बलात्कार करने के साथ ही उसके साथ हैवानियत का व्यवहार किया था। करीब एक पखवाड़े तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद आज इस पीड़िता ने तड़के सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में दम तोड़ दिया। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 29, 2012, 16:50

comments powered by Disqus