Last Updated: Thursday, May 24, 2012, 23:46
नई दिल्ली : मानसून अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में पहुंच गया है और इसके केरल में एक जून एवं दिल्ली में 29 जून तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज बताया कि अगले 48 घंटों में दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों तथा अंडमान समुद्र के शेष हिस्सों में दक्षिण पश्चिमी मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थिति अनुकूल बनी हुई हैं।
उसने कहा कि दक्षिण पश्चिमी मानसून कल अंडमान समुद्र और दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में पहुंचा था जिसमें ग्रेटर निकोबार और कार निकोबार द्वीप शामिल हैं। विभाग ने लगातार बादल छाये रहने, काफी हद तक बड़े पैमाने पर वर्षा सहित विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए कहा कि मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थिति अनुकूल है।
मौसमी वर्षा के देश के मुख्य क्षेत्र की ओर तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। इसके चलते एक जून को केरल तट और दिल्ली में 29 जून को मानसून के पहुंचने की संभावना है। सरकार ने लगातार तीसरे साल इस बार सामान्य मानसून होने का अप्रैल में पूर्वानुमान व्यक्त किया था।
मानसून धान, कपास, सोयाबीन और मक्का जैसी खरीफ फसलों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है क्योंकि देश में करीब 60 प्रतिशत कृषि भूमि वर्षा जल सिंचित है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, May 24, 2012, 23:46