Last Updated: Monday, November 14, 2011, 08:33
नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने मायावती के इस बयान को कि उनकी पार्टी उन्हें उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाना चाहती है, ‘चौंका देने वाला’ करार देते हुए कहा है कि बसपा प्रमुख बौखला गई हैं और उन्हें कांग्रेस से घबराहट महसूस हो रही हैं।
सिंह ने ट्विटर पर लिखा, ‘मेरा उत्तर प्रदेश में वोट नहीं है। जब मैं उत्तर प्रदेश का मतदाता ही नहीं हूं तो मैं ऐसा कैसे कर सकता हूं। वह अब काफी बौखलाई हुई हैं और कांग्रेस से घबराहट हुआ महसूस कर रही हैं। मायावती का यह बयान चौंकाने वाला है कि मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हो सकता हूं।’
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने रविवालखनउ में ब्राह्मण भाईचारा सम्मेलन में कहा था कि उन्हें यह ज्ञात हुआ है कि कांग्रेस और भाजपा की यह योजना है कि अपनी-अपनी पार्टी की सरकार बनने की स्थिति में वे क्रमश: दिग्विजय सिंह तथा राजनाथ सिंह को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं।
मायावती ने कहा था कि उन्हें आशंका है कि इन पार्टियों की इस योजना का उनके द्वारा खुलासा कर देने के बाद दोनों दल किसी ब्राह्मण को मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश कर सकते हैं। कांग्रेस के उत्तर प्रदेश मामलों के प्रभारी दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि कांग्रेस अगले दो महीने के भीतर राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रैलियां करेगी। इसकी शुरुआत इलाहाबाद के निकट स्थित फूलपुर में सोमवार को राहुल गांधी की रैली के साथ होगी। पहले लोकसभा चुनाव में प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू फूलपुर से ही निर्वाचित हुए थे।
दिग्विजय ने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की बसपा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के मुद्दे पर एक आरोप पत्र भी पेश करेगी जिसे जनवरी या फरवरी में लखनउ में पार्टी की महारैली के बाद राज्यपाल को सौंपा जायेगा।
(एजेंसी)
First Published: Monday, November 14, 2011, 14:03