Last Updated: Saturday, July 20, 2013, 00:25

नई दिल्ली : आगामी लोकसभा चुनावों से काफी पहले भाजपा ने ‘टीम मोदी’ के तहत प्रचार के विभिन्न पहलुओं को देखने के लिए शुक्रवार को 20 समितियों के गठन का ऐलान किया। नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली भाजपा की केन्द्रीय चुनाव अभियान समिति के तहत सारी समितियां काम करेंगी और मोदी को रिपोर्ट करेंगी।
चुनाव अभियान समिति में 11 अन्य सदस्य शामिल किए गए हैं। इनमें मुरली मनोहर जोशी, एम वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, अनंत कुमार, थावरचंद गहलौत, रामलाल, शिवराज सिंह चौहान, रमन सिंह और मनोहर पारिक्कर शामिल हैं।
भाजपा संसदीय बोर्ड की गुरुवरा को हुई बैठक के बाद आज 20 समितियों में शामिल सदस्यों की सूची जारी की गई। पार्टी के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार ने यहां संवाददाताओं को बताया कि मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्रीय चुनाव अभियान समिति का मार्गदर्शन अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी एवं पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह करेंगे।
भाजपा संसदीय बोर्ड ने राजनाथ और मोदी को आगामी लोकसभा चुनावों के लिए विभिन्न पहलुओं को देखने वाली समितियों के गठन के लिए अधिकृत किया था दोनों नेताओं ने समितियों का गठन कर इसमें सदस्यों को नामित किया।
वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी को ‘घोषणापत्र’ तैयार करने वाली समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। इसमें जसवंत सिंह, यशवंत सिन्हा, प्रेम कुमार धूमल, सुशील कुमार मोदी, जुएल उराव, विजय कुमार मल्होत्रा, लक्ष्मीकांत चावला, सत्यपाल मलिक, बंडारू दत्तात्रेय, विजया चक्रवर्ती, सत्यनारायण जटिया, शाहनवाज हुसैन, महेश चंद्र शर्मा, कंचन गुप्ता और षणमुखनाथन बतौर सदस्य शामिल हैं।
कुमार ने बताया कि राष्ट्रवादी संगठनों से जुड़े लोगों, असंगठित मजदूरों और अन्य संगठनों से संबंधित मतदाताओं से संपर्क साधने के लिए ‘विशेष संपर्क अभियान’ समिति बनायी है, जिसमें गडकरी, उमा भारती, सी पी ठाकुर, जे के जैन, मृदुला सिन्हा, कलराज मिश्र और किरण महेश्वरी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि शहरों और ग्रामीण इलाकों के चार-चार, पांच-पांच मतदान केन्द्रों को एकजुट कर उनमें समन्वय स्थापित करने के लिए ‘चुनाव संगठन समिति’ का गठन किया गया है। इसमें रामलाल, वी सतीश और सौदान सिंह हैं।
कुमार के मुताबिक कांग्रेस और संप्रग सरकार के नौ साल के कथित कुशासन, महंगाई, आर्थिक संकट, भ्रष्टाचार, घोटाले आदि का पर्दाफाश करने के लिए ‘कांग्रेस संप्रग के खिलाफ आरोप पत्र’ समिति बनायी गयी है। इसके सदस्यों में गोपीनाथ मुंडे, रवि शंकर प्रसाद, आरती मेहरा, किरीट सोमैया, निर्मला सीतारमण और मीनाक्षी लेखी हैं।
भाजपा नेता ने बताया कि वेबसाइट से लेकर व्हाट्सएप के जरिए चुनाव प्रचार के लिए ‘इंफार्मेशन कम्युनिकेशन अभियान समिति’ बनायी गयी है, जिसे पीयूष गोयल देखेंगे।
उन्होंने बताया कि ‘जन समीक्षा और जन भागीदारी’ समिति में धर्मेन्द्र प्रधान, रामेश्वर चौरसिया, मनोहर लाल खटटर और नलिन कोहली को शामिल किया गया है।
प्रचार प्रसार के उद्देश्य से ‘साहित्य निर्माण समिति’ बनायी गयी है, जिसे बलबीर पुंज, प्रभात झा, विनय सहस्त्रबुद्धे और सुधा मलैया देखेंगी। चुनाव के दौरान नेताओं के कार्यक्रम और आने जाने की व्यवस्था देखने के लिए ‘कार्यक्रम और यातायात समिति’ का गठन किया गया है, जिसे मुख्तार अब्बास नकवी, अनिल जैन और अरुण सिंह देखेंगे।
पूर्वोत्तर राज्यों पर विशेष ध्यान देने के लिए ‘पूर्वोत्तर अभियान समिति’ बनायी गयी है, जिसमें एस एस अहलूवालिया, तापिर गाव, पदमनाभ आचार्य और किरन रिज्जू शामिल हैं। चुनाव आयोग और कानून संबंधी मामलों को देखने के लिए बनायी गयी समिति में सतपाल जैन, भूपेन्द्र यादव, रामकृष्ण और पिंकी आनंद शामिल हैं।
‘बूथ समिति संकलन समिति’ में रूडी, सुधा यादव और रेणु कुशवाहा होंगी।‘जन प्रचार विशेष समिति’ को दो भागों में बांटा गया है। रैलियां, संसदीय सम्मेलन, बुद्धिजीवी सम्मेलन आदि विभागों का मार्गदर्शन वेंकैया नायडू करेंगे और दृष्टिपत्र, वर्गवार विशेष संपर्क और नये मतदाता अभियान का मार्गदर्शन गडकरी करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Friday, July 19, 2013, 19:35