मुंबई, दिल्ली में पानी की मांग होगी सबसे ज्यादा

मुंबई, दिल्ली में पानी की मांग होगी सबसे ज्यादा


नई दिल्ली : दिल्ली और मुंबई फिलहाल जल संकट के दौर से गुजर रहे हैं और मैककिन्से ग्लोबल इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2025 तक इन दोनों शहरों में दुनिया में सर्वाधिक पानी आपूर्ति की मांग होगी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि निगम जल आपूर्ति मांग के परिप्रेक्ष्य में मुंबई 20 वैश्विक शहरों की सूची में शीर्ष पर है। इसके बाद दिल्ली का नंबर है।

अधिकतम जल आपूर्ति वाले 20 शहरों की सूची में तीन अन्य भारतीय शहर कोलकाता, पुणे और हैदराबाद क्रमश: सातवें, 12वें और 16वें नंबर पर हैं। रिपोर्ट ऐसे समय में जारी हुई है जब दिल्ली और मुंबई जल संकट के दौर से गुजर रहे हैं। इसने कहा कि मांग बढ़ेगी क्योंकि शहरीकरण तेजी से होगा।

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत और चीन में शहरीकरण काफी तेजी से हो रहा है और हम देख रहे हैं कि लोगों की आय तेजी से बढ़ रही है और कई सामानों एवं सेवाओं की खपत में भी बढ़ोतरी हुई है। दुनिया के बड़े शहरों में 2025 तक पानी की आपूर्ति करीब 190 अरब घनमीटर प्रति वर्ष से बढ़कर करीब 270 अरब घनमीटर प्रति वर्ष हो जाएगा।

दस शीर्ष शहरों में शंघाई, गुआंगझू, बीजिंग, ब्यूनस आयर्स, खारतूम, ढाका और इंस्तांबुल है जहां पानी की मांग में बढ़ोतरी होगी। (एजेंसी)

First Published: Thursday, June 28, 2012, 20:56

comments powered by Disqus