मुंबई में ऑफिस स्थल पहले से सस्ता - Zee News हिंदी

मुंबई में ऑफिस स्थल पहले से सस्ता

 

नई दिल्ली : दुनिया के 10 सबसे महंगे कार्यालय स्थलों की सूची से पहली बार मुंबई का नाम गायब हो गया है। वैश्विक रीयल्टी सलाहकार कुशमन एंड वेकफील्ड द्वारा तैयार इस नई सूची में मुंबई 15वें पायदान पर है। कुशमन एंड वेकफील्ड ने एक बयान में कहा, मुंबई का नरीमन पाइंट सबसे महंगे सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट (सीबीडी) की सूची में 15वें स्थान पर पहुंच गया है। इससे पिछली बार यह आठवें स्थान पर था। छह साल में यह पहला मौका है जब मुंबई को सूची में पहले दस में स्थान नहीं मिल पाया है। इसमें कहा गया है कि दिसंबर, 2011 को मुंबई में सीबीडी में कार्यालय के लिए स्थान लेने की दर 73.3 डॉलर प्रति वर्ग फुट थी। इस तरह इसमें आठ प्रतिशत की गिरावट आई है।

 

कुशमन एंड वेकफील्ड के कार्यकारी निदेशक रवि आहूजा ने कहा, सीबीडी किरायों में गिरावट दो बातों का संकेत है। पहला यह मुंबई में सीबीडी के साथ अन्य सूक्ष्म बाजार भी तेजी से विकसित हो रहे हैं। दूसरा किराये अब तर्कसंगत हो रहे हैं, जिनमें 2007-08 की अवधि में जोरदार उछाल देखने को मिला था। अध्ययन के अनुसार, इस सूची में हांगकांग 244 डॉलर प्रति वर्ग फुट के साथ शीर्ष पर है।

 

दूसरे स्थान पर लंदन 239 डॉलर और तोक्यो 197 डॉलर के साथ है। तीनों ही शहरों ने अपने स्थानों को बरकरार रखा है। 2012 की सूची में नया नाम बीजिंग और सिडनी का है। बीजिंग 130 डॉलर प्रति वर्ग फुट की सालाना किराया दर के साथ सूची में पांचवें स्थान पर है, जबकि सिडनी 119 डॉलर प्रति वर्ग फुट के साथ सातवें स्थान पर है।  (एजेंसी)

First Published: Tuesday, February 21, 2012, 20:14

comments powered by Disqus