मेनन की रिहाई तक नक्सल अभियान पर रोक - Zee News हिंदी

मेनन की रिहाई तक नक्सल अभियान पर रोक

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

 

रायपुर:   छत्तीसगढ़ सरकार ने सुकमा जिले के जिलाधिकारी एलेक्स पॉल मेनन के नक्सलियों की कैद से छूटने तक राज्य में नक्सल विरोधी अभियान पर रोक लगाने को कहा है। राज्य पुलिस मुख्यालय में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पूरा ध्यान मेनन को नक्सलियों के चंगुल से सुरक्षित व जल्द से जल्द मुक्त कराने पर है। नक्सल विरोधी अभियान बाद में चलाया जा सकता है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी 32 वर्षीय मेनन को नक्सलियों ने शनिवार को अगवा कर लिया था जब वह वन क्षेत्र में जनजातीय लोगों से मुखातिब हो रहे थे। नक्सलियों ने मेनन के दो सुरक्षा गार्डो को भी मार डाला था।

 

उन्होंने मेनन को आजाद करने के बदले उनके खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ग्रीन हंट पर रोक लगाने और जेल में बंद अपने आठ सहयोगियों को रिहा करने की मांग की है।

 

इस बारे में गृह मंत्रालय के एक सूत्र ने कहा कि राज्य सरकार नक्सलियों की मांगों पर गम्भीरतापूर्वक विचार कर रही है, लेकिन इस पर अंतिम निर्णय केंद्र सरकार और राज्य के सभी राजनीतिक दलों को भरोसे में लेने के बाद ही लिया जाएगा।

 

सुकमा के अगवा डीएम की रिहाई पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह ने आज सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सुकमा के अगवा डीएम एलेक्स पॉल मेनन की रिहाई पर चर्चा के लिए सीएम ने यह बैठक बुलाई है। सरकार ने इस मसले के समाधान के लिए पांच सदस्यीय कमेटी भी गठित की है।

 

First Published: Monday, April 23, 2012, 17:58

comments powered by Disqus