'मेरे साथ पाकिस्तानी सेना प्रमुख जैसा बर्ताव' - Zee News हिंदी

'मेरे साथ पाकिस्तानी सेना प्रमुख जैसा बर्ताव'

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्‍ली : सेना प्रमुख जनरल वी.के. सिंह के उम्र का विवाद अब सियासी रंग लेने लगा है। रक्षा मंत्रालय से थलसेना अध्यक्ष जनरल वीके सिंह की जन्म तिथि को लेकर की गई शिकायत को खारिज किए जाने से करीब एक हफ्ते पहले जनरल सिंह ने रक्षा सचिव से कहा था कि उनके साथ ऐसा बर्ताव हो रहा है, मानो वह पाकिस्तान सेना के प्रमुख हैं।

 

रक्षा सचिव शशि कांत शर्मा सेना प्रमुख से उनके दफ्तर में 21 दिसंबर, 2011 को उम्र को लेकर चल रहे विवाद पर आगे की योजना के बारे में जानकारी लेने गए थे। रक्षा मंत्रालय ने जनरल सिंह की जन्म के वर्ष में बदलाव करने की उनकी शिकायत खारिज कर दी। जन्म वर्ष में बदलाव खारिज हो जाने से यह साफ हो गया है कि सिंह अब 31 मई 2012 को रिटायर हो जाएंगे। इसके मद्देनजर जनरल वी.के.सिंह सरकार को शीर्ष अदालत में घसीट सकते हैं।

 

कुछ दस्‍तावेजों के मुताबिक जनरल सिंह की जन्‍म तिथि 10 मई 1950 है तो कुछ के मुताबिक यह 1951 है। मंत्रालय के आदेश का मतलब वी.के. सिंह का जन्‍म 1950 में हुआ है और इसलिए उन्‍हें इस साल रिटायर होना होगा। यदि ऐसा नहीं होता तो उन्‍हें एक साल और सेना प्रमुख बने रहने का मौका मिलता और 2013 में रिटायर होते। लेकिन सेना प्रमुख रक्षा मंत्रालय की बात इतनी आसानी से मानने के मूड में नहीं दिखाई दे रहे हैं।

 

अलग-अलग मीडिया में सूत्रों के हवाले से आ रही खबरों के मुताबिक सिंह इसे 'सम्‍मान की लड़ाई' मान कर कानूनी विकल्‍प आजमा सकते हैं। शिकायत खारिज होने के बाद जनरल सिंह के पास सुप्रीम कोर्ट या आर्म्‍ड फोर्सेज ट्राइब्‍यूनल का विकल्‍प बचता है। हालांकि सिंह रिटायर होने से भी इनकार नहीं कर रहे हैं। लेकिन उनका कहना है कि वह नौकरी के लिए नहीं, बल्कि आत्‍मसम्‍मान की लड़ाई के रूप में इस मुद्दे को देखते हैं।

 

जनरल सिंह ने आधिकारिक दस्तावेजों में अपनी जन्मतिथि 10 मई 1950 की जगह 10 मई 1951 करने के लिए आवेदन दिया था जिसका एटार्नी जनरल ने स्‍टडी किया। इसके बाद उन्होंने अपनी अनुशंसा रक्षा मंत्रालय को भेजी। मंत्रालय ने एटार्नी जनरल की अनुशंसा पर अपना फैसला सेना प्रमुख को भेजा कि उनकी शिकायत खारिज की जाती है। एक कानूनी जानकार के मुताबिक, ‘चार पूर्व चीफ जस्टिस ने जनरल सिंह के उम्र के दावे का समर्थन किया है। सेना प्रमुख कानूनी सलाहकारों की टीम से संपर्क में हैं।

First Published: Wednesday, January 4, 2012, 11:30

comments powered by Disqus