मोदी की दिल्ली यात्रा के दौरान हुई छेड़खानी

मोदी की दिल्ली यात्रा के दौरान हुई छेड़खानी

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस छात्र-छात्राओं की उन शिकायतों की जांच कर रही है जिसमें कहा गया था कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की यहां की हालिया यात्रा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान उनसे छेड़खानी की गई और कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की।

छात्र-छात्राओं ने शिकायत की है कि जिन लोगों ने उनके प्रदर्शन को रोकने की कोशिश की उन्होंने बुधवार की शाम को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के प्रवेश द्वार पर उनके साथ बदसलूकी की। उस वक्त मोदी संस्थान के भीतर छात्रों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उनमें से कुछ के साथ उन लोगों ने छेड़खानी की जो प्रदर्शन स्थल पर मौजूद थे।

मोदी की यात्रा के विरोध में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया था। पुलिस को उन्हें तितर-बितर करने के लिए बल का प्रयोग करना पड़ा था। डीसीपी (उत्तर) सिंधु पिल्लै ने कहा कि हमें काफी शिकायतें मिली हैं और हम उनसब की जांच कर रहे हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या कोई मामला दर्ज किया गया है तो पिल्लै ने कहा कि अब तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर जो उत्पीड़न हुआ उसके प्रति आंखें मूंद लीं। (एजेंसी)

First Published: Friday, February 8, 2013, 20:32

comments powered by Disqus