मोदी निंदा में फंसे काटजू, भाजपा ने मांगा इस्तीफा|Justice Katju

मोदी निंदा में फंसे काटजू, भाजपा ने मांगा इस्तीफा

मोदी निंदा में फंसे काटजू, भाजपा ने मांगा इस्तीफाज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने प्रेस परिषद के अध्यक्ष मार्कँण्डय काटजू से अपना पद छोड़ने के लिए कहा है। जेटली ने कहा है कि इस पद पर आसीन व्यक्ति को निष्पक्ष होना चाहिए।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि काटजू ने अपनी ‘राजनीतिक प्राथमिकताओं’ के आधार पर अपने एक लेख में गैर-कांग्रेसी राज्यों बिहार, गुजरात एवं पश्चिम बंगाल पर निशाना साधा है। इसके बाद राज्यसभा में विपक्ष के नेता जेटली ने काटजू से अपना पद छोड़ने की मांग की है।

भाजपा की वेबसाइट पर पोस्ट एक लेख में जेटली ने कहा है कि ऐसा लगता है कि ‘काटजू उन लोगों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर रहे हैं जिन्होंने सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पद पर बिठाया।’

काटजू ने अपने लेख में लोगों से अपील की थी कि वे सोच समझकर प्रधानमंत्री चुनें। काटजू ने यह भी लिखा है कि गोधरा में क्या हुआ था यह अभी भी रहस्य है? वह इस बात पर भी मुश्किल से विश्वास कर पाते हैं कि गोधरा के बाद गुजरात में हुए दंगों में मोदी का कोई हाथ नहीं था।

जेटली ने कहा है कि काटजू की अपील राजनीतिक है। यह कांग्रेसी नेता से भी ज्यादा कांग्रेसी है। काटजू पूर्वाग्रह से ग्रसित है। जेटली ने काटजू के लेख के जवाब में अपना लेख लिखा है।

उल्लेखनीय है कि काटजू ने हाल ही में बिहार की नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि वहां प्रेस को आजादी नहीं है।

First Published: Sunday, February 17, 2013, 17:11

comments powered by Disqus