Last Updated: Friday, November 2, 2012, 13:27

ज़ी न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली: शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर के खिलाफ दिए गए बयान के बाद मोदी ने भले ही चुप्पी साध ली हो लेकिन उनके खिलाफ बोलनेवालों की कमी नहीं है। ताबड़तोड़ मोदी के खिलाफ हमले होते जा रहे है।
शशि थरूर की पत्नी सुनंदा को `50 करोड़ की गर्लफ्रेंड` कहना नरेंद्र मोदी के लिए भारी पड़ा है। उनकी इस टिप्पणी पर दिल्ली महिला आयोग ने कड़ा ऐतराज जताते हुए उन्हें इशारों-इशारों में एक शेर के जरिए बंदर तक कह डाला।
इस मामले पर गुरुवार को आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा कि मोदी इसके लिए सुनंदा से माफी मांगें। बरखा ने आलोचना करते हुए मोदी के लिए एक शेर बयां कर उनकी खुलकर आलोचना की। उन्होंने कहा `नफरतें पालना दुर्भाग्य रहा हो जिसका, वो किसी रिश्ते की अजमत कहां पहचानता है। प्यार को पैसे में तौलने वाले से कहो, कोई बंदर अदरक का मजा जानता है`
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जैसे पढ़े-लिखे इंसान को तो ऐसी बातें बिल्कुल शोभा नहीं देतीं। बरखा ने कहा कि अगर मोदी माफी नहीं मांगते हैं तो आयोग गुजरात की महिलाओं से अपील करेगा कि वे मोदी को ऐसा करने के लिए मजबूर करें, क्योंकि यह मामला किसी व्यक्ति विशेष का नहीं बल्कि देश की महिलाओं के सम्मान का है।
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ ही दिन पहले थरुर की पत्नी के खिलाफ बयान दिया था। थरूर के केंद्रीय मंत्रिमंडल में एक बार फिर जगह बनाने के एक दिन बाद मोदी ने कहा कि उनकी पत्नी एक समय ‘50 करोड़ रूपये की गर्लफ्रेंड’थीं। चुनावी रैली में उन्होंने थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर पर परोक्ष हमला करते हुए कहा था ‘वाह क्या गर्लफ्रेंड हैं? आपने कभी देखा है 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड को?
First Published: Friday, November 2, 2012, 10:09