मोदी ही कांग्रेस को दे सकते हैं पटखनी : आरएसएस

मोदी ही कांग्रेस को दे सकते हैं पटखनी : आरएसएस

नई दिल्ली : एक दिन पहले संघ के मुखपत्र में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी को फटकार लगाने वाला संघ दूसरे दिन फिर से उनके बचाव में उतर आया है। संघ का मानना है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी ही कांग्रेस नीत सरकार को पटखनी दे सकते हैं। संघ का कहना है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तरह मोदी में भाजपा को विस्तार देने की काबिलियत और करिश्मा है।

संघ के मुखपत्र आर्गेनाइजर के ताजा अंक में छपे एक लेख में कहा गया है कि कांग्रेस का ग्राफ तेजी से गिर रहा है। राजग इसका फायदा उठा पाएगा यह बहुत मुश्किल नजर आ रहा है। मोदी भाजपा के ऐसे चेहरों में से हैं जिनमें पार्टी की अपील और देश भर में उसके वोट आधार का विस्तार करने की वैसी ही क्षमता है जैसी अटल बिहारी वाजपेयी ने नब्बे के दशक में दिखाई थी। भाजपा के चुनाव विश्लेषक जीवी एल नरसिम्हा के लेख में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की हालत खस्ता है लेकिन मोदी ही ऐसे नेता हैं जो वहां भी पार्टी को बढ़त दिला सकते हैं। मोदी भाजपा की कमजोर कड़ी वाले उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि ओडिशा, हरियाणा,तमिलनाडु,आंध्र प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी पार्टी के वोट शेयर को इस हद तक बढ़ाने में कामयाब रहेंगे कि भाजपा नीत राजग एक चुनाव पूर्व एक मजबूत गठबंधन के रूप में उभरकर सामने आएगा।

नहसिम्हा ने लिखा है कि 1996 और 1999 में भाजपा के सहयोगी दल इसलिए बढ़े थे क्योंकि क्षेत्रीय दलों ने वोट आधार बढ़ाने की वाजपेयी की क्षमता को स्वीकार किया था। मोदी की अगुवाई में यही फॉर्मूला भाजपा के पक्ष में जाएगा। केन्द्र में पार्टी को सत्ता में लाने के लिए जरूरी है कि एक करिश्माई नेता को आगे बढाया जाए। ऐसा नहीं किया गया तो भाजपा का सत्ता में आना मुश्किल होगा। (एजेंसी)

First Published: Sunday, June 3, 2012, 14:12

comments powered by Disqus