Last Updated: Monday, October 22, 2012, 00:11
नई दिल्ली : राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कई नेताओं ने जानेमाने फिल्म-निर्माता यश चोपड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भारतीय सिनेमा की महान शख्सियत करार दिया। प्रणब मुखर्जी ने अपने शोक संदेश में कहा है कि उनके निधन से भारतीय फिल्म उद्योग को गहरा नुकसान हुआ है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने जाने माने फिल्म-निर्माता यश चोपड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करने में देश की अगुवाई की और उन्हें ‘भारतीय सिनेमा की महान शख्सियत’ करार दिया जिन्होंने कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया। 80 वर्षीय चोपड़ा ने आज शाम मुंबई के एक अस्पताल में आखिरी सांस ली। भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने चोपड़ा को भारतीय फिल्म उद्योग की महान हस्ती करार दिया।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने कहा, ‘आज भारतीय सिनेमा ने अपनी एक और महान शख्सियत और सृजनात्मकता के धनी व्यक्ति को खो दिया। यश जी फिल्मों के जरिए कई पीढ़ियों को एक साथ लेकर आए।’ मंत्री ने कहा, ‘प्यार को जिंदगी और रिश्तों की जरूरत के तौर पर पेश करने का यश जी का विचार सभी सिनेप्रेमी याद करेंगे। उनका निधन एक शून्य छोड़ गया है जिसे भरना काफी मुश्किल होगा।’
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी यश चोपड़ा के निधन पर शोक जताया और कहा कि राज्य ने अपनी कुदरती खूबसूरती के बेहतरीन दूत को खो दिया। अपने शोक संदेश में उमर ने चोपड़ा के साथ लेह में एक फिल्म के दौरान हुई अपनी हालिया मुलाकात को याद किया। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘यह दुर्भाग्यपूर्ण समाचार है क्योंकि चोपड़ा जी ने हमेशा से कश्मीर को बॉलीवुड का दूसरा घर बनाना चाहा।’ गौरतलब है कि चोपड़ा ने अपनी रिलीज होने जा रही फिल्म ‘जब तक है जान’ की शूटिंग के लिए करीब 25 साल बाद कश्मीर को भी चुना था। साल 1976 में अमिताभ बच्चन और राखी अभिनीत फिल्म ‘कभी-कभी’ की शूटिंग चोपड़ा ने कश्मीर की वादियों में ही की थी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘किंग आफ रोमांस’ के नाम से मशहूर यश चोपड़ा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि चोपड़ा के निधन से सिने प्रेमियों ने एक उत्कृष्ट निर्माता निर्देशक खो दिया है। सिनेमा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। नीतीश ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए और दुख की घड़ी में उनके परिजनों को शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने भी चोपड़ा के निधन पर शोक प्रकट किया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी यह कहते हुए शोक व्यक्त किया कि वह उन्हें व्यक्तिगत तौर पर जानती थीं। ममता ने एक संदेश में कहा, ‘अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध फिल्मी हस्ती यश चोपड़ा की अचानक हुई मौत के बारे में जानकर बहुत दुख हो रहा है। यह फिल्मी दुनिया के लिए एक बड़ा नुकसान है।’
केंद्रीय संसदीय मामलों के राज्य मंत्री राजीव शुक्ला ने चोपड़ा के निधन पर शोक जताते हुए कहा, ‘यश चोपड़ा के निधन से मैं काफी दुखी हूं। मैंने हाल ही में उनके साथ और शाहरुख खान के साथ काफी अच्छा वक्त बिताया था जहां वह अपनी आखिरी निर्देशित फिल्म ‘जब तक है जान’ की शूटिंग कर रहे थे।’ (एजेंसी)
First Published: Sunday, October 21, 2012, 22:00