यूपी-बिहार में शीतलहर जारी, दिल्ली को राहत

यूपी-बिहार में शीतलहर जारी, दिल्ली को राहत

यूपी-बिहार में शीतलहर जारी, दिल्ली को राहतनई दिल्ली : दिल्ली में गुरुवार की सुबह खुशनुमा रही और लोगों को पिछले कुछ दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार दिन चढ़ने के साथ-साथ आसमान साफ हो जाएगा और हाड़ कंपा देने वाली ठंड से कुछ निजात मिलेगी। दूसरी ओर एक दिन की राहत के बाद जम्मू-कश्मीर में घाटी समेत पूरे राज्य में ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया। उधर, त्रिपुरा में न्यूनतम तापमान चार दशक पहले के रिकार्ड के करीब पहुंच गया। उत्तर प्रदेश और बिहार में भी शीतलहर से लोगों को कोई राहत नहीं मिली है।

नई दिल्ली में मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि गुरुवार तड़के कोहरे की वजह से 25 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही थीं, जबकि 11 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था।

कश्मीर घाटी में ठंड से महज एक दिन थोड़ी राहत मिलने के बाद गुरुवार को फिर शीतलहर ने जोर पकड़ लिया। श्रीनगर स्थित मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार श्रीनगर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पहलगांव और गुलमर्ग का तापतान क्रमश: शून्य से 9.3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश में सर्द हवाओं के प्रभाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और गुरुवार को पंचमढ़ी में तापमान सबसे कम 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी के अलावा रीवा में भी अत्यधिक ठंड महसूस की गई जहां तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस बीच, राज्य में धुंध अपना असर बनाए हुए है और सर्द हवाएं चल रही है। लोग ठंड से निजात पाने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की आशंका है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त इंदौर में अधिकतम तापमान 26.2 और न्यूनतम 9.2 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में अधिकतम 24.2 और न्यूनतम 6.1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में अधिकतम 22.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बिहार की राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में पिछले एक सप्ताह से जारी शीतलहर के प्रकोप गुरुवार को भी जारी रहा। गुरुवार को धूप ने थोड़ी राहत दी, पर सर्द हवाओं से प्रदेश में अभी भी ठंड बरकरार है। उत्तर-पश्चिम से छह-सात किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बर्फीली हवा के कारण मौसम सर्द बना हुआ है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार राजधानी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया में 4.3 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर में 5.4 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया में 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश में लखनऊ सहित अन्य इलाकों में पड़ रही कड़ाके की सर्दी से जहां लोगों का जीना मुहाल हो गया है, वहीं घने कोहरे से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक शीतलहर से निजात मिलने की उम्मीद नहीं है। कई जिलों में पारा शून्य से नीचे चला गया है। गोरखपुर और गाजीपुर के मैदानी इलाके सबसे ठंडे स्थान रहे। दोनों जगहों पर तापमान शून्य से एक डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

त्रिपुरा भयंकर शीतलहर की चपेट में है। गुरुवार को राज्य की राजधानी अगरतला में न्यूनतम तापमान चार दशक पहले के रिकार्ड के करीब पहुंच गया। अगरतला और इससे सटे इलाकों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार 1972 से तापमान के रिकार्ड में यह सबसे कम तापमान है। इससे पहले 30 दिसंबर 1972 को अगरतला में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। (एजेंसी)

First Published: Thursday, January 10, 2013, 22:44

comments powered by Disqus