Last Updated: Friday, February 10, 2012, 14:28
नई दिल्ली : पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव प्रचार में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के अभी तक हिस्सा नहीं लेने से राजनीतिक हलकों में चल रही तरह-तरह की चर्चाओं के बीच भाजपा ने शुक्रवार को ऐलान किया कि वह उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।
पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी और उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार के प्रभारी मुख्तार अब्बास नकवी ने संवाददाताओं के साथ अलग-अलग बातचीत में यह बात कही। गडकरी ने भोपाल में सवालों के जवाब में कहा, ‘मोदी उत्तर प्रदेश में पार्टी का चुनाव प्रचार करने जा रहे हैं और इस बारे में उनका कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है।’ पार्टी के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने भी यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ‘जी हां, वह उत्तर प्रदेश में भाजपा के चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे। हम उनकी प्रचार तिथियों को अंतिम रूप दे रहे हैं।’
उनसे प्रश्न किया गया था कि मोदी क्या पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने उत्तर प्रदेश जाएंगे और अगर जाएंगे तो कब। मोदी पंजाब और उत्तराखंड में भी अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने नहीं गए थे और उत्तर प्रदेश में एक चरण का मतदान हो चुका है लेकिन अभी तक वे इस राज्य में प्रचार करने नहीं आए हैं। यह पूछे जाने पर कि उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करने के लिए मोदी ने हामी भर दी है, नकवी ने हां में जवाब देते हुए कहा, ‘हमने उनसे बात की है।’
नकवी ने स्वीकार किया कि उत्तर प्रदेश चुनाव प्रचार में भाजपा को मोदी की जरूरत है, लेकिन गुजरात के कुछ घटनाक्रमों के चलते वह अभी तक नहीं आ पाए हैं। बताया जाता है कि संजय जोशी को उत्तर प्रदेश में भाजपा के चुनाव प्रभारियों में शामिल किए जाने से मोदी सख्त नाराज़ हैं।
(एजेंसी)
First Published: Friday, February 10, 2012, 20:34