यूपीए सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी: मनीष तिवारी--UPA would complete full term: Manish Tewari

यूपीए सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी: मनीष तिवारी

यूपीए सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी: मनीष तिवारीहैदराबाद : इस साल आम चुनाव होने की चर्चा के बीच केद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने आज कहा कि संप्रग सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। तिवारी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ 2004 में संप्रग पांच साल के लिए चुना गया था। हमने लोगों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और अपना जनादेश पूरा किया। हममें अपने सहयोगियों के प्रति पूरा सम्मान है..। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन भारत के लोगों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता सर्वोपरि है। भारत के नागरिकों ने संप्रग को पांच साल का जनादेश दिया है और हम अपना कार्यकाल पूरा करेंगे।’’ उनसे इस साल आम चुनाव कराए जाने की चर्चा होने और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव द्वारा कथित तौर पर अपने कार्यकर्ताओं को जल्दी चुनाव के लिए तैयार रहने का निर्देश देने के बारे में सवाल किया गया था।

वरिष्ठ भाजपा नेता एम वेंकैया नायडू ने भी कल कहा था कि कांग्रेस इसी साल चुनाव करा सकती है। संसद पर हमला मामले में अभियुक्त अफजल गुरू को फांसी दिए जाने के बारे में एक सवाल पर तिवारी ने कहा कि विपक्षी पार्टियों ने नकारात्मक रवैया अपनाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और अन्य विपक्षी पार्टियों ने कल से जो टिप्पणियां की हैं, वे दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय हैं।

तिवारी ने कहा, ‘‘ जब कभी संवैधानिक प्रक्रिया या कानून लागू किए जाने के संबंध में फैसले किए जाते हैं तो निंदा करने या पीठ थपथपाने की आवश्यकता नहीं होती। राष्ट्रीय सुरक्षा एक संवेदनशील मुद्दा है और सभी पार्टियों को राजनीतिक विचारधारा से उपर उठकर जिम्मेदार तरीके से अपनी भूमिका निभानी चाहिए।’’ भाजपा पर परोक्ष हमला करते हुए तिवारी ने कहा, ‘‘ जिन्होंने आतंकवादियों को पनाह दी और उनके साथ कंधार गए’’ उन्हें अन्य के नेतृत्व वाली सरकारों पर अंगुली उठाने के पहले आत्मनिरीक्षण करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर सख्त फैसला लेने में संप्रग सरकार ने कभी हिचक नहीं दिखायी। संप्रग सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए तिवारी ने कहा कि उसने राजनीतिक स्थिरता, सांप्रदायिक सौहार्द्र, राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे क्षेत्रों में बढ़िया प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि इस साल आर्थिक मोर्चे पर कुछ कमजोरियां हैं। लेकिन यह ध्यान देना चाहिए कि वैश्विक मंदी का माहौल है। तिवारी ने कहा कि राजग शासन की अपेक्षा संप्रग सरकार के दौरान आर्थिक विकास बेहतर रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के रूप में युवा नेतृत्व से कांग्रेस और भारत में नया जोश आएगा। विवादित तेलंगाना मुद्दे पर तिवारी ने कहा कि यह संवेदनशील मुद्दा है और इसके लिए धर्य एवं बातचीत की जरूरत है। केंद्र सभी पक्षों की संवेदनशीलता को महसूस करता है और इस मुद्दे पर कोई फैसला लेने का प्रयास कर रहा है। (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 10, 2013, 18:45

comments powered by Disqus