Last Updated: Monday, August 13, 2012, 19:03
नई दिल्ली : काले धन और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन चला रहे बाबा रामदेव को सोमवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी और जनता दल (युनाइटेड) के नेता शरद यादव का समर्थन प्राप्त हुआ। दोनों नेताओं ने आंदोलन मंच पर रामदेव से मुलाकात की।
गडकरी और यादव ने रामदेव को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से पहले ही रामलीला मैदान में मुलाकात की। रामलीला मैदान से संसद के लिए मार्च करते समय रास्ते में रामदेव को हिरासत में ले लिया गया। अकाली दल के सदस्य भी मंच पर उपस्थित थे। नितिन गडकरी ने वहां अपने सम्बोधन में कहा कि उनकी पार्टी योग गुरु के आंदोलन का सक्रिय समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि रामदेव के आंदोलन को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए।
गडकरी ने कहा कि प्रत्येक 15 अगस्त को हम स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं, लेकिन हमें सच्ची स्वतंत्रता तब मिलेगी जब भ्रष्टाचार और मूल्य वृद्धि जैसी समस्याएं समाज से जड़ से समाप्त हो जाएंगी। गडकरी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने सोमवार को संसद में काले धन का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि हमने संसद के दोनों सदनों में प्रश्नकाल को स्थगित करने के लिए मजबूर किया। हम चाहते हैं कि सरकार काले धन को वापस लाए।
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) पर हमला करते हुए गडकरी ने कहा कि सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश की विकास दर और विकास प्रभावित हुआ है। गडकरी ने कहा कि रामदेव भ्रष्टाचार मुक्त भारत के लिए लड़ रहे हैं और उनका कोई राजनीतिक इरादा नहीं है। विदेशी बैंकों में जमा काला धन वापस लाया जाना चाहिए और किसानों व गरीबों पर उसे खर्च किया जाना चाहिए।
काले धन को वापस लाने के सरकार के इरादे पर सवाल खड़े करते हुए गडकरी ने कहा कि जिन लोगों ने विदेशी बैंकों में धन जमा कर रखा है, सरकार उनके नाम क्यों छुपा रही है? हम गलत आर्थिक नीतियों और घोटाले में लिप्त कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों के कारण गरीब आबादी के एक अमीर देश हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 13, 2012, 19:03