Last Updated: Wednesday, April 10, 2013, 23:41

नई दिल्ली : कांग्रेस की ओर से ममता बनर्जी को मनाने के प्रयास की अटकलों के बीच भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बुधवार को खुद को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के साथ दिखाने का प्रयास करते हुए कल यहां उनके और उनके प्रदेश के वित्त मंत्री अमित मित्रा के साथ हुई धक्का-मुक्की की निंदा की। उन्होंने आज फोन पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख की सेहत की जानकारी भी ली।
सिंह ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि मंगलवार को ममता बनर्जी और पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री (मित्रा) पर हुए हमले की मैं भर्त्सना करता हूं। इसकी जांच होनी चाहिए और जो लोग भी इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध व्यक्त करने का अपना तरीका होता है। हिंसा का सहारा लेकर या किसी पर हमला करके विरोध नहीं जताया जा सकता।
उल्लेखनीय है कि कल योजना आयोग के द्वार पर मित्रा के साथ माकपा की छात्र इकाई एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर धक्का-मुक्की की थी। इस दौरान उनका कुर्ता फट गया था। ममता ने भी अपने साथ धक्का-मुक्की होने का दावा किया है। राजनाथ सिंह ने कहा कि मैंने आज ममता बनर्जी से बात कर उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उनके घुटने तथा शरीर के कुछ और जगहों पर चोट लगी है। उन्हें कल एम्स में भर्ती होना पड़ा था। सिंह ने ममता से उस वक्त बात की है और कल की घटना की निंदा की है, जब ऐसी अटकलें हैं कि कांग्रेस एक बार फिर से ममता को साथ लाने के प्रयास में जुटी है। भाजपा भी तृणमूल को अपने साथ जोडने में प्रयासरत है। पिछले साल ममता संप्रग से अलग हो गई थीं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 10, 2013, 23:41