Last Updated: Saturday, February 2, 2013, 15:25
पटना : बिहार में राज्यसभा के उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रत्याशी के रूप में शनिवार को जनता दल युनाइटेड के नेता क़े सी़ त्यागी ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, जद (यु) के अध्यक्ष शरद यादव, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद शाहनवाज हुसैन सहित कई नेता उपस्थित थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि त्यागी हमारे दल के पुराने सदस्य हैं और पार्टी के महत्वपूर्ण पद राष्ट्रीय महासचिव पर हैं। गठबंधन में शामिल अन्य दलों से सहमति के बाद उनको प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया गया। त्यागी ने कहा कि पार्टी जो भी नई जिम्मेवारी देगी, वह उसका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर वह हमेशा संघर्षरत रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2010 में जद (यु) कोटे से राज्यसभा सांसद बने उपेन्द्र कुशवाहा के हाल के दिनों में इस्तीफा देने की वजह से यह सीट खाली हुई थी। उप चुनाव के लिए 14 फरवरी को मतदान होना है। त्यागी की जीत तय मानी जा रही है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, February 2, 2013, 15:25